Friday, November 20, 2026

रामकथा में महिला चोरों का पौ बारह, 2 महिलाओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र पार

सेक्टर-1 में रामकथा स्थल पर भारी भीड़ का उठाया फायदा, एक महिला की 2 तोला सोने की चेन और दूसरी का 2.50 तोला मंगलसूत्र चोरी

भिलाई भट्ठी थाने में एफआइआर दर्ज

भिलाई : न्यूज़ 36 : धार्मिक आयोजन में प्रसाद लेने पहुंची महिलाओं को भीड़ के बीच शातिर चोर ने निशाना बना लिया। भिलाई के सेक्टर 1 में आयोजित रामकथा कार्यक्रम के दौरान दो महिलाओं के गले से सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। एक महिला की सोने की चेन लॉकेट समेत और दूसरी महिला का मंगलसूत्र गायब हो गया। दोनों आभूषणों का कुल वजन करीब साढ़े चार तोला बताया गया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, सेक्टर-1 सड़क-11, क्वार्टर नंबर 9/बी निवासी एक गृहणी 19 नवंबर 2026 को शाम करीब 3:30 बजे रामकथा सुनने कार्यक्रम स्थल पहुंची थीं। शाम करीब 7 बजे वहां प्रसाद वितरण हो रहा था। प्रसाद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। इसी भीड़ के बीच किसी अज्ञात महिला ने उनके गले से पुरानी इस्तेमाल की हुई सोने की चेन लॉकेट समेत पार कर दी। पीड़िता के मुताबिक, चेन का वजन करीब 2 तोला था। प्रसाद लेकर घर पहुंचने के बाद जब उन्होंने गले में चेन नहीं देखी तो चोरी का पता चला।

दूसरी महिला का मंगलसूत्र भी गायब

इसी कार्यक्रम में मौजूद सेक्टर-6 सड़क-69, क्वार्टर नंबर 4/डी निवासी रागिणी नारद के गले से भी सोने का मंगलसूत्र चोरी होने की जानकारी सामने आई। मंगलसूत्र का वजन करीब 2.50 तोला बताया गया है। पीड़िता ने अपने बेटे दुर्गा प्रसाद को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने मिलकर आभूषणों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद रागिणी नारद के साथ भिलाई भट्ठी थाने पहुंचकर अज्ञात महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत में बताया गया है कि फिलहाल सोने के आभूषणों की खरीदारी की रसीद उपलब्ध नहीं है। जरूरत पड़ने पर बाद में पुलिस के समक्ष पेश की जाएगी। धार्मिक आयोजन में भारी भीड़ के बीच दो महिलाओं के गले से आभूषण चोरी होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की गई है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news