दुर्ग : न्यूज़ 36 : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार तथा न्यायमूर्ति पार्थ प्रतीम साहू, कार्यकारी अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग के. विनोद कुजूर के निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग के सचिव उमेश कुमार भागवतकर के समन्वय में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग द्वारा परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 138 (चेक बाउंस) के अंतर्गत वर्ष 2026 की द्वितीय विशेष लोक अदालत का आयोजन 21 नवंबर को किया जा रहा है। इस विशेष लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य चेक अनादरण से संबंधित लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में निराकरण सुनिश्चित करना है, ताकि पक्षकारों को लंबी न्यायालयीन प्रक्रिया से राहत मिल सके तथा उनके समय एवं धन की बचत के साथ विवादों का त्वरित समाधान हो सके। इस अभियान के अंतर्गत दुर्ग जिले के दुर्ग, पाटन, धमधा एवं भिलाई सहित विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पैरा लीगल वॉलंटियर्स के माध्यम से जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
