36 वर्षीय युवक हादसे का शिकार, नानी के घर जा रहा था मृतक, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज
दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिले के रसमड़ा चौक के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक को सिर हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। हाईवे पर तैनात एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रितम सिंह गोंड (36 वर्ष), निवासी नयापारा वार्ड नंबर-1, दुर्ग के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रितम सिंह गोंड 15 नवंबर 2026 की सुबह करीब 8 बजे अपने घर से साइकिल पर सवार होकर ग्राम रसमड़ा स्थित अपनी नानी के घर जाने के लिए निकले थे। सुबह करीब 9:30 बजे जब वे रसमड़ा चौक के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन के चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद युवक सड़क पर गंभीर रुप से घायल हो गया।
घटना के बाद हाईवे पर तैनात एंबुलेंस के माध्यम से घायल को शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभ में मृतक की पहचान नहीं हो पाने के कारण जिला अस्पताल की सूचना पर अज्ञात व्यक्ति के नाम से मर्ग कायम किया गया था। बाद में मर्ग जांच, शव पंचनामा, परिजनों एवं गवाहों के कथनों के आधार पर मृतक की पहचान रितम सिंह गोंड के रूप में हुई।
चौकी अंजोरा पुलिस ने मर्ग क्रमांक 143/2026 की जांच में अज्ञात वाहन चालक की लापरवाही से दुर्घटना होना पाए जाने पर प्रार्थी छन्नूलाल गंधर्व की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 1016/26 दर्ज किया है। अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध धारा 106 (1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 184 मोटरयान अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन एवं उसके चालक की पतासाजी कर रही है।
