21 मई 2024 को आरोपितों ने की थी हत्या
एक-एक हजार रुपये की अर्थदंड की सजा भी सुनाई गई
दुर्ग : न्यूज़ 36 : पुरानी रंजिश के कारण रास्ता रोककर धारदार चाकू से युवक पर हमला कर उसकी हत्या करने के मामले में न्यायालय ने चार आरोपियों को आजीवन कारावास और एक हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। मामले में एक अन्य आरोपी अजय दुबे को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया गया। अजय दुबे दुर्ग निगम में पूर्व पार्षद रहा है।
गंभीर चोटें आने के कारण शख्स की हो गई थी मौतः
अभियोजन के मुताबिक मृतक श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव की अजय दुबे के साथ मारपीट हुई थी, जिसका मामला न्यायालय में चल रहा है। 21 मई 2024 की रात्रि 7.30 बजे अपने साथी बलराम यादव के साथ शराब लेने के लिए नयापारा देशी दुकान गया था। वापस आते समय रात्रि 8.15 बजे गंजपारा नाका चौक के पास पहुंचा था। उसी समय योजनाबद्ध तरीके से आरोपी अजय दुबे के भतीजे अक्षत दुबे, अमिताभ दुबे उर्फ चंदू, शुभम शर्मा, वंश राजपूत ने अपनी दो मोटर साइकिल से आकर मृतक का रास्ता रोककर पुरानी रंजिश पर एक राय होकर हत्या करने की नियत से मारपीट की और अपने पास रखे धारदार चाकू व हाथ में पहने कड़े से श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव को बाएं पैर में जांघ के पास, दाएं पैर में कूल्हे के नीचे, पीठ में मारकर गंभीर चोट पहुंचाई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी पर हत्या की योजना बनाने का आरोप
आरोपी अजय दुबे पर मंत्री यादव की हत्या की योजना बनाने का आरोप है। आरोपी अक्षत दुबे उर्फ मान्या और अमिताभ उर्फ चंदू, अजय दुबे के भतीजे हैं। विवेचना में पता चला कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित अमिताभ दुबे अपने चाचा अजय दुबे के घर गया और उसे घटना के बारे में बताया। उसके बाद कोण्डागांव चला गया। घटना के समय पहने हुए कपड़े को अक्षत दुबे ने भी चाचा अजय दुबे के घर रख दिया।
