पंचकूला घटना के बाद सोचें, कहीं हम लोग बच्चों की संवेदनाएं तो नहीं मार रहे : चिरंजीव जैन
भिलाई : न्यूज़ 36 : हाल ही में पंचकूला के एक स्कूल में आठ वर्षीय बालक द्वारा छह वर्षीय बच्ची पर किए गए हिंसक हमले की घटना ने देशभर के माता-पिता और शिक्षा जगत को झकझोर कर रख दिया है। इसी संवेदनशील विषय को केंद्र में रखते हुए भिलाई शहर के एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल में विशेष परवरिश व मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया। सत्र में जाने-माने शिक्षाविद् एवं प्रमाणित पैरेंटिंग कोच चिरंजीव कुमार जैन ने बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और पालकगणों को संबोधित किया। सत्र की शुरुआत करते हुए श्री जैन ने परवरिश को बीते कल, आज और आने वाले कल के तीन आयामों में समझने पर जोर दिया।
बीते कल की विरासत : कम सुविधाएं, पर भरपूर समय और संस्कार
अतीत के पारिवारिक ढाँचे का उल्लेख करते हुए चिरंजीव जैन ने कहा कि पहले के समय में माता-पिता के पास आर्थिक संसाधन और भौतिक सुविधाएँ भले ही सीमित थी, लेकिन बच्चों के लिए पर्याप्त समय था। बच्चे माता-पिता के साथ-साथ दादा-दादी और घर के बुजुर्गों की छत्रछाया में बड़े होते थे। परिवार में नियमित संवाद होता था, बच्चों की बातें धैर्यपूर्वक सुनी जाती थीं और उन्हें प्यार से समझाया जाता था।
उन्होंने कहा कि उस दौर में संस्कार कोई अलग पाठ्यक्रम बनाकर नहीं सिखाए जाते थे, बल्कि बच्चे घर में बड़ों के आचरण को देखकर ही सहजता से जीवन मूल्य सीख जाते थे। पूर्वजों से मिली इसी समझदारी को याद दिलाते हुए उन्होंने पालकों से कहा कि एक बच्चे को महंगे उपहारों से कहीं अधिक माता-पिता की सक्रिय उपस्थिति की आवश्यकता होती है, क्योंकि बच्चा हमारी सलाह से अधिक हमारे आचरण का अनुसरण करता है।
आधुनिक दौर की विडंबना : सुविधाएँ बढ़ीं, पर घट गया आत्मीय संवाद
वर्तमान समय की चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए श्री जैन ने स्वीकार किया कि आज के माता-पिता अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अथक परिश्रम कर रहे हैं। वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार बच्चों को सर्वश्रेष्ठ स्कूल, आधुनिक गैजेट्स और हर संभव सुख-सुविधा उपलब्ध कराना चाहते हैं। परंतु, इस भागदौड़ में बच्चों के साथ बिताया जाने वाला गुणवत्तापूर्ण समय लगातार सिमटता जा रहा है।
पालकगणों को आगाह करते हुए उन्होंने कहा कि आज बच्चों के हाथों में स्मार्टफोन, इंटरनेट और मनोरंजन के अनगिनत साधन हैं, लेकिन विडंबना यह है कि उनके पास ऐसा कोई अपना नहीं बचा है, जिसके सामने वे बिना किसी डर या झिझक के अपने मन की बात साझा कर सकें। हम बच्चों के परीक्षा परिणामों और करियर को लेकर तो अत्यधिक चिंतित रहते हैं, लेकिन उनके भीतर पनपते गुस्से, अकेलेपन, ईर्ष्या, असुरक्षा और मानसिक तनाव को अनदेखा कर देते हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी बच्चे के अच्छे अंक ही अच्छी परवरिश का संपूर्ण प्रमाण नहीं हैं, उसे एक संवेदनशील और अच्छा इंसान बनाना भी उतना ही अनिवार्य है।
डिजिटल दुनिया और हिंसक सामग्री का बढ़ता खतरा
डिजिटल क्रांति के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए शिक्षाविद ने कहा कि बहुत कम उम्र में बच्चों तक पहुँच रहे मोबाइल फोन ने परवरिश को बेहद जटिल बना दिया है। इंटरनेट पर मौजूद अधिकांश सामग्री बच्चों की उम्र और उनकी मानसिक परिपक्वता के अनुकूल नहीं होती।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आवश्यक नहीं कि हिंसक वीडियो या गेम देखने वाला हर बच्चा हिंसक बन जाए, किंतु जब कोई बालक बार-बार हिंसा देखता है और उसे मनोरंजन के रूप में स्वीकार करने लगता है, तो उसकी स्वाभाविक संवेदनशीलता धीरे-धीरे समाप्त होने लगती है। उन्होंने माता-पिता को सलाह दी कि वे केवल बच्चों के स्क्रीन टाइम पर निगरानी न रखें, बल्कि इस बात पर भी पैनी नजर रखें कि बच्चा क्या देख रहा है, किससे संवाद कर रहा है और इसका उसके व्यवहार पर क्या असर पड़ रहा है।
दोषारोपण नहीं, बल्कि आत्मचिंतन का समय
अपने उद्बोधन के समापन पर चिरंजीव कुमार जैन ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियाँ किसी एक व्यक्ति या संस्था को दोषी ठहराने की नहीं, बल्कि पूरे समाज के ईमानदार आत्मचिंतन की हैं। उन्होंने कहा कि आठ साल का वह बालक भी अभी विकास की अवस्था में है, जिसके व्यवहार को संवेदनशीलता, निष्पक्षता और मनोवैज्ञानिक विशेषज्ञों की मदद से समझने की जरूरत है। साथ ही, पीड़ित छह वर्षीय बच्ची के दर्द और पीड़ा को भी महज एक पुरानी खबर बनाकर भुलाया नहीं जाना चाहिए।
अंत में उन्होंने सभी अभिभावकों और शिक्षकों के सामने एक मार्मिक प्रश्न छोड़ा कि हम अपने बच्चों को प्रतियोगी दुनिया और भविष्य के करियर के लिए तो पूरी ताकत से तैयार कर रहे हैं, लेकिन क्या हम उन्हें एक संवेदनशील और बेहतर इंसान बनने के लिए भी तैयार कर रहे हैं?
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1993 से छत्तीसगढ़ में शिक्षा और मार्गदर्शन के क्षेत्र में सक्रिय चिरंजीव कुमार जैन अब तक 10,000 से अधिक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर चुके हैं और टेलीविजन कार्यक्रम “मैं तेरे दिल का टुकड़ा” में भी पेरेंटिंग कोच के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सत्र के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा उनका आभार व्यक्त किया गया।
