Monday, November 16, 2026

आर-पार की लड़ाई के मूड में अब डी एड पास अभ्यर्थी, फिर किये शिक्षा मंत्री के बंगले का किया घेराव

11 महीने से कर रहे है नियुक्ति का इंतजार

दुर्ग : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के शेष पदों पर नियुक्ति की मांग फिर तेज हो गई है। करीब 11 महीने से आंदोलन कर रहे डी एड अभ्यर्थियों ने सोमवार को शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का फिर घेराव किया।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के शेष रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर D.Ed अभ्यर्थियों का प्रदर्शन तेज हो गया है। सोमवार सुबह बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव किया। प्रदर्शनकारी पात्र डी एड अभ्यर्थियों को खाली पदों पर जल्द नियुक्ति देने की मांग कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले करीब 11 महीनों से अपनी मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस फैसला नहीं हुआ है। सुबह बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपनी मांगों के साथ मंत्री निवास पहुंचे। उन्होंने सरकार के सामने अपनी समस्याएं रखते हुए लंबित नियुक्तियों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने अभ्यर्थियों को वहां से हटाया।
11 महीने से नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थी
डी एड अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से नियुक्ति की उम्मीद लगाए बैठे हैं। नौकरी नहीं मिलने के कारण कई युवाओं को आर्थिक संकट और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई अभ्यर्थी अपने परिवारों से दूर रहकर रायपुर में आंदोलन करने को मजबूर हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे सरकार से कोई विशेष रियायत नहीं मांग रहे हैं, बल्कि अपनी योग्यता और पात्रता के आधार पर सहायक शिक्षक भर्ती के शेष पदों पर नियुक्ति चाहते हैं। उनका दावा है कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है।
क्या है सहायक शिक्षक भर्ती 2023 का पूरा मामला?
दरअसल, छत्तीसगढ़ में 4 मई 2023 को कुल 6,285 सहायक शिक्षकों की भर्ती निकाली गई थी। इस भर्ती में डी एड और बी एड दोनों योग्यता वाले अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। इसी बीच अगस्त 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने प्राथमिक शिक्षक भर्ती में बी एड डिग्री को मान्य नहीं माना। इसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा और भर्ती प्रक्रिया से B.Ed अभ्यर्थियों को बाहर कर दिया गया। बताया गया कि इस भर्ती में कोर्ट के फैसले के बाद केवल 1,299 अभ्यर्थियों को ही नियुक्ति मिल सकी। ये सभी डी एड योग्यता वाले उम्मीदवार थे। इसके बाद बड़ी संख्या में पद खाली रह गए।

शेष रिक्त पदों पर डी एड अभ्यर्थियों की दावेदारी

अब डि एड अभ्यर्थी भर्ती के शेष रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब बी एड अभ्यर्थियों को भर्ती से बाहर कर दिया गया है, तो खाली पदों पर पात्र डी एड उम्मीदवारों को मौका दिया जाना चाहिए। अभ्यर्थियों का तर्क है कि वे कोई नई भर्ती या अतिरिक्त पदों की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि वर्ष 2023 में जारी भर्ती के ही शेष पदों पर नियुक्ति चाहते हैं।

परिवार के साथ रायपुर पहुंचे अभ्यर्थी, आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले करीब 11 महीनों से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। कई उम्मीदवार अपने परिजनों के साथ रायपुर पहुंचे हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वे पीछे नहीं हटेंगे। शिक्षा मंत्री के बंगले के घेराव के बाद एक बार फिर सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के शेष पदों पर नियुक्ति का मुद्दा चर्चा में आ गया है। अब अभ्यर्थियों को सरकार के फैसले का इंतजार है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news