जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र का है पूरा मामला
पुलिस ने अपराध दर्ज कर तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
भिलाई : न्यूज़ 36 : जेवरा- सिरसा चौकी क्षेत्र में एक 13 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपहरण और दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तीनों आरोपी युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।
की घटना मंगलवार-बुधवार दरम्यानी रात को हुई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक गांव में डांस कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान तीन युवक नवीन, हिमांशु और सागर बच्ची को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। पुलिस विवेचना में यह बात सामने आई कि नाबालिग के साथ हिमांशु ने शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता को कुछ देर के लिए बाथरूम में बंद कर दिया गया था। जांच के दौरान मिले तथ्यों और पीड़िता से संबंधित जानकारी के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पाक्सो एक्ट) के प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों की भूमिका, घटना की परिस्थितियों और अन्य तथ्यों को विवेचना में शामिल किया जा रहा है।
