भिलाई : न्यूज़ 36 : पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर धारदार हथियार लेकर आम नागरिकों को डराने-धमकाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन धारदार लोहे के हथियार बरामद कर जब्त किए हैं। तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर कुछ व्यक्ति धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से धारदार हथियार बरामद किए गए। पुलिस ने सीएसईबी कालोनी ग्राउंड के खंडहर रोड के पास से गजेंद्र कुमार बंजारे (27) निवासी कैम्प-2 छावनी को गिरफ्तार किया। इसी तरह भिलाई श्मशान घाट के पास कैम्प-3 क्षेत्र से विवेक यादव (21), निवासी मूलतः देवरिया उत्तर प्रदेश, वर्तमान पता कैम्प-2 छावनी को पकड़ा । तीसरे आरोपी सूरज प्रसाद (25) निवासी पुराना मछली मार्केट कैम्प-2 छावनी को थाना क्षेत्र के एक अन्य स्थान से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से भी एक धारदार लोहे का हथियार जब्त किया गया। तीनों आरोपितों के विरुद्ध पृथक-पृथक अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई।
