Saturday, November 7, 2026

SSP दुर्ग ने शहीद पुलिस परिवारों से की मुलाकात, दी शुभकामना भेंट

DIG व SSP विजय अग्रवाल ने स्वयं पहुंचकर जाना परिजनों का कुशलक्षेम,

शहीदों का सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा : SSP

दुर्ग : न्यूज़ 36 : दीपावली के पावन अवसर पर दुर्ग पुलिस ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के प्रति सम्मान, संवेदना और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विशेष पहल की। छत्तीसगढ़ पुलिस एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र हाल में कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले 37 अधिकारी-कर्मचारियों के परिवारों से संपर्क कर उन्हें दीपावली की शुभकामना भेंट प्रदान की गई और उनका कुशलक्षेम जाना गया।

इस अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल स्वयं शहीद परिवारों के निवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शहीद आरक्षक आदेश के एसटीएफ कॉलोनी, सिंघिया नगर स्थित निवास, शहीद आरक्षक अवनी सिंह के नई पुलिस लाइन, दुर्ग स्थित निवास तथा शहीद आरक्षक मनोज वर्मा के पांच बिल्डिंग, दुर्ग स्थित निवास पहुंचकर उनके परिवारों से भेंट की।

मुलाकात के दौरान विजय अग्रवाल ने परिजनों को आश्वस्त किया कि राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए उनके परिवार के सदस्यों द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। छत्तीसगढ़ शासन और पुलिस विभाग हर परिस्थिति में शहीद परिवारों के साथ खड़ा है तथा उनके सुख-दुख में सहभागी रहेगा।
जिले के अन्य शहीद परिवारों तक पहुंचने के लिए नगर पुलिस अधीक्षकों, अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों तथा थाना एवं चौकी प्रभारियों ने भी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ उनके निवास पहुंचकर शुभकामना भेंट प्रदान की और परिजनों का हालचाल जाना।

दुर्ग पुलिस ने कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों के परिवार विभाग का अभिन्न अंग हैं। देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर पुलिसकर्मियों का योगदान सदैव याद रखा जाएगा तथा उनके परिवारों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और सहयोग की भावना निरंतर बनी रहेगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news