दुर्ग : न्यूज़ 36 : जिला न्यायालय परिसर में शुक्रवार को आम नागरिकों की सुविधा के लिए पुलिस सहायता केंद्र (हेल्प डेस्क) शुरू किया गया। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश शेख अशरफ, कलेक्टर अभिजीत सिंह और उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य न्यायालय पहुंचने वाले पक्षकारों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम नागरिकों को पुलिस संबंधी सेवाओं एवं कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। पुलिस सहायता केंद्र के माध्यम से नागरिकों को एफआइआर की प्रति प्राप्त करने, सम्मन एवं वारंट से संबंधित जानकारी, पुलिस सत्यापन और ई-फाइलिंग की प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मिलने वाली निश्शुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। अब न्यायालय परिसर में आने वाले लोगों को पुलिस संबंधी जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्हें एक ही स्थान पर संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी और सहायता मिल सकेगी। विशेष रूप से महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद पक्षकारों के लिए यह केंद्र उपयोगी साबित होगा। शुभारंभ कार्यक्रम में तृतीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश यशवंत कुमार सारथी, चतुर्थ जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सुनीता टोप्पो, अष्टम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश पुरुषोत्तम सिंह मरकाम, नवम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश पंकज दीक्षित, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव उमेश कुमार भागवतकर सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा, सचिव रविशंकर सिंह, कोषाध्यक्ष साकेत मिश्रा शामिल हुए।
