गायत्री मंदिर वार्ड में डामरीकरण और कसारीडीह में बॉक्स कल्वर्ट व सड़क निर्माण से मिलेगी राहत
दुर्ग : न्यूज़ 36 : नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए महापौर अलका बाघमार ने मंगलवार को गायत्री मंदिर वार्ड और कसारीडीह में कुल 47.54 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। 15वें वित्त आयोग मद से वार्ड क्रमांक 25 गायत्री मंदिर वार्ड में 8.32 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण तथा वार्ड क्रमांक 43 कसारीडीह में सहगल ऑटो के पास कुर्मी भवन की ओर जाने वाले मार्ग पर 39.22 लाख रुपये की लागत से बॉक्स कल्वर्ट एवं सड़क निर्माण कराया जाएगा।
इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि निगम की प्राथमिकता शहर के प्रत्येक वार्ड में बेहतर सड़क, नाली और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इन कार्यों के पूर्ण होने से नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों में जरूरत के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता से कराया जा रहा है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, पार्षद दीपक साहू, मनीषा सोनी, खालिक रिजवी, सहायक अभियंता हरिशंकर साहू, उप अभियंता अपर्णा मिश्रा, भारती ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। नागरिकों ने विकास कार्यों की सौगात के लिए महापौर एवं निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया।
