दुर्ग : न्यूज़ 36 : रेल संपत्ति चोरी के पुराने मामलों में आरपीएफ दुर्ग ने कार्रवाई करते हुए दो वारंटियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 26 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर विशेष रेलवे न्यायालय, रायपुर के समक्ष पेश किया गया।
आरपीएफ के अनुसार, रेलवे संपत्ति की चोरी से जुड़े वर्ष 2021 के दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों के खिलाफ विशेष रेलवे न्यायालय, रायपुर द्वारा 28 सितंबर 2026 को अस्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। इनमें केवल सिंह हलवा (44 वर्ष) और नरेन्द्र उर्फ कन्नू बन गोस्वामी (36 वर्ष), दोनों निवासी दल्लीराजहरा, जिला बालोद शामिल हैं।
वारंट तामील अभियान के तहत आरपीएफ दुर्ग पोस्ट प्रभारी के निर्देशन में टीम ने मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पतासाजी की और उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
आरपीएफ के मुताबिक, वारंट तामील अभियान के तहत कार्रवाई लगातार जारी है। पिछले एक वर्ष में आरपीएफ दुर्ग द्वारा वारंट के आधार पर कुल 32 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
