Sunday, October 25, 2026

भिलाई निगम चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, हर वार्ड में समिति बनाने पर जोर

स्मृति नगर में चुनावी रणनीति और संगठन की तैयारियों पर हुआ मंथन

हर वार्ड में एक ही प्रत्याशी के संकल्प के साथ चुनाव में उतरने की रणनीति

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई नगर निगम के आगामी चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक और रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को स्मृति नगर स्थित विवेकानंद भवन में चुनावी रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने और जमीनी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर दिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि हर वार्ड में एक वार्ड समिति बनाई जाए, जिसमें सभी वर्ग के लोगों को शामिल किया जाए और उनकी सहमति से प्रत्याशी का चयन किया जाए। पूरा प्रयास हो कि हर वार्ड से एक ही नाम पर सहमति बने।
बैठक में एआईसीसी महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, भिलाई नगर निगम चुनाव के पर्यवेक्षक एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक धनेंद्र साहू, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर, भिलाई विधायक एवं एआईसीसी सचिव देवेंद्र यादव, सह-पर्यवेक्षक एवं प्रदेश कांग्रेस महामंत्री दीपक दुबे, महापौर नीरज पाल, निगम सभापति गिरवर बंटी साहू, जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर सहित वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, पार्षद, पूर्व पार्षद और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बैठक की शुरुआत वंदेमातरम से हुई। महापौर नीरज पाल ने स्वागत भाषण में कहा कि इस बार फिर भिलाई निगम में कांग्रेस का झंडा फहराना है। भिलाई की जीत का संदेश प्रदेश ही नहीं पूरे देश तक जाएगा। जिस वार्ड से एक ही प्रत्याशी का नाम आएगा, उसे प्रदेश कांग्रेस कमेटी फाइनल कर देगी।
भूपेश बघेल ने कहा कि यदि किसी वार्ड से दो-तीन नाम आते हैं तो पार्टी तय करेगी और उसे हर कार्यकर्ता को मानना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव आयोग ने एक ही EVM में वार्ड प्रत्याशी और महापौर दोनों का नाम रख दिया है, जिससे कन्फ्यूजन होगा। इस पर आपत्ति दर्ज होनी चाहिए और महापौर नीरज पाल को इसका कानूनी पक्ष देखने के लिए अधिकृत किया।
पर्यवेक्षक धनेंद्र साहू ने कहा कि भिलाई निगम चुनाव काफी महत्वपूर्ण है और परीक्षा की घड़ी है। हम पर्यवेक्षक नहीं, साथी और सहयोगी के रूप में कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे। हर वार्ड समिति में परंपरागत कट्टर कांग्रेसियों को शामिल किया जाए।
पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि भिलाई निगम चुनाव का प्रभाव 7 विधानसभाओं पर पड़ता है। तत्काल सेक्टर, वार्ड, बूथ स्तर की बैठक की जाए। योग्य प्रत्याशी को ही टिकट मिले। पिछले चुनाव में जिन्होंने हराने का काम किया, उन्हें टिकट नहीं देना है। भले एक-दो वार्ड हार जाएं, लेकिन महापौर जिताना जरूरी है।
प्रदेश महामंत्री दीपक दुबे ने कहा कि भाजपा सरकार वादाखिलाफी कर रही है। यहt भिलाई की गंगा-जमुनी तहजीब को बचाने की लड़ाई है। विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा के सुशासन का बुखार उतर चुका है, उल्टी गिनती शुरू हो गई है। जीतने वाले कार्यकर्ता को ही टिकट मिले।
संचालन जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने किया तथा आभार पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर ने व्यक्त किया ।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news