Monday, October 19, 2026

गंजपारा दुर्गोत्सव समिति के कवि सम्मेलन में देशभर के कवियों ने बांधा समां

तिरंगे पर युवा कवि मयंक शर्मा की कविता सुनकर खड़े हुए श्रोता

दुर्ग : न्यूज़ 36 : गंजपारा दुर्गोत्सव समिति, दुर्गा धाम पुरानीगंज मंडी में 17 अक्टूबर को 58 वर्षों से चली आ रही साहित्यिक परंपरा के तहत कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदे के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। देश के विभिन्न शहरों से आए कवियों ने देशप्रेम, भक्ति, हास्य-व्यंग्य और समसामयिक विषयों पर रचनाएं प्रस्तुत कीं।
कवि सम्मेलन का संचालन दुर्ग के युवा कवि मयंक शर्मा ने किया। तिरंगे के पांच रंगों पर उनकी कविता ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कविता सुनकर श्रोता खड़े हो गए और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सुनाया— पापा जब द्वारे पे तिरंगा ओढ़ आए थे, तो मैंने देखा खून से तिरंगा लाल-लाल था।
नालंदा, बिहार से आईं कवयित्री अल्पना आनंद ने ओढ़नी गीत के माध्यम से धार्मिक भाव प्रस्तुत किए। इंदौर के एकाग्र शर्मा ने शिव, राम और हनुमान पर मुक्तक सुनाया। प्रयागराज के हास्य कवि अखिलेश द्विवेदी ने हास्य-व्यंग्य के जरिए खुशियां बांटने का संदेश दिया। दिल्ली के सुदीप भोला ने मोबाइल पर रील बनाने की प्रवृत्ति पर कटाक्ष किया, वहीं मुंबई के गीतकार चंदन राय ने प्रेम और यादों पर आधारित गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे, पूर्व विधायक अरुण वोरा, पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल, कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित समिति के संरक्षक संतोष रूंगटा, संजय रूंगटा, चतुर्भुज राठी, किशोर जैन, विनीत जैन, अध्यक्ष रवि पिडिआर, कार्यकारी अध्यक्ष अमित यादव, कोषाध्यक्ष जितेंद्र राठी, एल्डरमैन तुलसी साहू एवं पार्षद पति सुरेश गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनोज शर्मा ने किया तथा आभार संतोष रूंगटा ने व्यक्त किया।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news