Monday, October 19, 2026

भिलाई को गुमराह करना बंद करें विधायक देवेंद्र यादव: मनीष पाण्डेय

एसआईआर और बीएसपी के निजीकरण को लेकर विधायक पर साधा निशाना, कांग्रेस पर लगाया भ्रम और भय की राजनीति करने का आरोप

भिलाई : न्यूज 36 : भाजपा नेता एवं श्रीराम जन्मोत्सव समिति युवा विंग के अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि वे एसआईआर और भिलाई स्टील प्लांट के निजीकरण के मुद्दे पर जनता के बीच भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब स्थानीय स्तर पर निर्वाचन प्रक्रिया के तहत आपत्तियों की सुनवाई हो चुकी थी, तो दिल्ली जाकर धरना-प्रदर्शन करने की क्या जरूरत थी?

एसआईआर को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन पर उठाए सवाल

मनीष पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व की तर्ज पर विधायक देवेंद्र यादव भी एसआईआर और मतदाता सूची के मुद्दे पर भ्रम की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भिलाई में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान कटे करीब 40 हजार नामों को लेकर कांग्रेस के अधिकृत बीएलए-2 ने स्थानीय निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष आपत्तियां दर्ज कराई थीं और प्रशासन ने नियमानुसार सुनवाई की थी। ऐसे में स्थानीय स्तर पर प्रक्रिया के तहत कार्रवाई होने के बावजूद दिल्ली जाकर राहुल गांधी के साथ धरना-प्रदर्शन करने का औचित्य समझ से परे है।

बीएसपी में नौकरी के वादे को लेकर घेरा

भाजपा नेता ने आगामी भिलाई नगर निगम चुनाव का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि विधायक एक बार फिर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि उस समय भिलाई के युवाओं को बीएसपी में सीधी नौकरी दिलाने का सपना दिखाया गया था, लेकिन यह वादा पूरा नहीं हुआ। पाण्डेय के मुताबिक, अब अपनी विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए बीएसपी के निजीकरण को लेकर कर्मचारियों और नागरिकों के बीच भय का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।

अडानी समूह को लेकर कांग्रेस पर भी सवाल

मनीष पाण्डेय ने विधायक देवेंद्र यादव से सवाल किया कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान अडानी समूह को बिजली परियोजनाएं मिलने, छत्तीसगढ़ में हसदेव अरण्य क्षेत्र में पेड़ों की कटाई की अनुमति और भिलाई स्थित एसीसी सीमेंट के अडानी समूह द्वारा अधिग्रहण के मुद्दों पर उन्होंने विरोध क्यों नहीं किया? उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस शासनकाल में ये घटनाक्रम हुए, तब विधायक की ओर से वैसा विरोध देखने को नहीं मिला, जैसा आज बीएसपी के मुद्दे पर किया जा रहा है।

जनता से की सतर्क रहने की अपील

पाण्डेय ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही निजीकरण के मुद्दे को लेकर कर्मचारियों और आम नागरिकों के बीच भय पैदा करना राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश है। उन्होंने भिलाई की जनता से अपील की कि वे राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच तथ्यों को समझें और किसी भी प्रकार के कथित भ्रामक प्रचार से सतर्क रहें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news