Thursday, October 8, 2026

नवरात्रि मेले के लिए डोंगरगढ़ चलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें, मेमू ट्रेनों का भी होगा विस्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 : डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में क्वांर नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों के लिए अतिरिक्त रेल सुविधाओं की घोषणा की है। रेलवे की ओर से 11 से 20 अक्टूबर 2026 तक कई विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। मेले के दौरान डोंगरगढ़-दुर्ग-डोंगरगढ़ के बीच मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 06886/06885 का संचालन 11 से 20 अक्टूबर तक किया जाएगा। इससे राजनांदगांव, मुसरा, बाकल सहित आसपास के स्टेशनों से डोंगरगढ़ आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा दुर्ग-गोंदिया मेमू ट्रेन संख्या 68741 और गोंदिया-दुर्ग मेमू ट्रेन संख्या 68742 का अस्थायी रुप से रायपुर तक विस्तार किया जाएगा। यह व्यवस्था 11 से 20 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी।

इसी तरह रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू ट्रेन संख्या 68729 को गोंदिया तक चलाया जाएगा, जबकि ट्रेन संख्या 68730 गोंदिया से डोंगरगढ़ होते हुए रायपुर जाएगी। इन ट्रेनों के संचालन की तारीखें रेलवे द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग रहेंगी।

कई एक्सप्रेस ट्रेनों को डोंगरगढ़ में ठहराव

नवरात्रि मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए कई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को डोंगरगढ़ स्टेशन पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है। इनमें बिलासपुर-भगत की कोठी, भगत की कोठी-बिलासपुर, बिलासपुर-बीकानेर, बीकानेर-बिलासपुर, बिलासपुर-चेन्नई, चेन्नई-बिलासपुर, बिलासपुर-पुणे, पुणे-बिलासपुर तथा सिकंदराबाद-रायपुर सहित अन्य ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों को अलग-अलग निर्धारित तारीखों पर यह अस्थायी ठहराव मिलेगा।

दुर्ग-रायपुर मेमू के समय में भी बदलाव

रेलवे ने दुर्ग-रायपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन संख्या 68726 के परिचालन समय में भी अस्थायी बदलाव किया है। 11 से 20 अक्टूबर के बीच यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से एक घंटा 40 मिनट आगे रवाना होगी।

रेलवे ने श्रद्धालुओं और यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की तारीख, समय और डोंगरगढ़ स्टेशन पर ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप से जरूर जांच लें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news