भिलाई : न्यूज़ 36 : स्मृति नगर चौकी क्षेत्र के विवेकानंद नगर में एक 19 वर्षीय युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान चित्रलेखा साहू के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवती द्वारा सुसाइड नोट छोड़े जाने की जानकारी सामने आई है, जिसमें उसने अपने बड़े भाई दादू और कमल नामक युवक की मौत का जिक्र किया है।
पुलिस के अनुसार, चित्रलेखा ने घर के उसी कमरे में फांसी लगाई, जहां बीते अप्रैल माह में उसके बड़े भाई दादू ने भी उसी पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। एक ही कमरे और एक ही पंखे से परिवार में दूसरी आत्महत्या की घटना सामने आने से पुलिस भी मामले को गंभीरता से जांच रही है।
सुसाइड नोट में खुद को ठहराया जिम्मेदार
मृतका के पास से मिले सुसाइड नोट में उसने दादू और कमल की मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है। नोट में कमल नाम के युवक की मौत का भी उल्लेख किया गया है। प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि कमल मृतका का बॉयफ्रेंड था। हालांकि दोनों की मौत के बीच क्या संबंध था और युवती ने खुद को उनकी मौत के लिए जिम्मेदार क्यों माना, इसका स्पष्ट खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

13 सितंबर को भी किया था आत्महत्या का प्रयास
जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि चित्रलेखा ने इससे पहले 13 सितंबर को भी फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। उस समय उसे बचा लिया गया था। इसके बावजूद गुरुवार को उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्मृति नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही सुसाइड नोट को जांच में शामिल करते हुए युवती के परिवार और उसके करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है। कमल की मौत की परिस्थितियों और अप्रैल में हुई दादू की आत्महत्या से इस घटना के संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल स्मृति नगर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सुसाइड नोट में लिखी बातों के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
