भिलाई : न्यूज़ 36 : वैशाली नगर पुलिस ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के शासकीय चावल के अवैध क्रय-विक्रय, अदला-बदली और भंडारण के मामले में आरोपित सोहन चेलक (23) को गिरफ्तार किया है। आरोपित के राजीव नगर स्थित मकान से 60 बोरियों में कुल 24 क्विंटल शासकीय चावल बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार खाद्य निरीक्षक आशुतोष चंद्राकर की शिकायत और प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर थाना वैशाली नगर में मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान आरोपित के मकान की तलाशी में राशन कार्डधारियों को वितरण के लिए निर्धारित चावल बरामद हुआ। बरामद खाद्यान्न की नागरिक आपूर्ति निगम के तकनीकी सहायक से जांच कराई गई, जिसमें चावल शासकीय होना प्रमाणित हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपित के खिलाफ पूर्व में थाना पुलगांव में भी मामला दर्ज है।
