दुर्ग के पटेल परिवार ने पेश की मानवता
दुर्ग : न्यूज 36 : मोहन नगर निवासी स्वर्गीय लाभु बेन पटेल के निधन के बाद उनके परिवार ने दुख की घड़ी में मानवता की मिसाल पेश करते हुए नेत्रदान का निर्णय लिया। उनके कॉर्निया से दो दृष्टिहीन लोगों के जीवन में रोशनी आने की उम्मीद है। परिवार के इस फैसले ने समाज को यह संदेश दिया कि मृत्यु के बाद भी किसी की आंखें दूसरे की दुनिया रोशन कर सकती हैं। लाभु बेन के पति भिखु भाई पटेल, पुत्र किशोर, विकास और विशाल पटेल, पुत्रियां अमिता व हर्षा, बहू मोनिका तथा पौत्र ईशान ने सर्वसम्मति से नेत्रदान की सहमति दी। सूचना मिलने पर नवदृष्टि फाउंडेशन की टीम की मदद से श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने पटेल निवास पहुंचकर कॉर्निया का सुरक्षित संकलन किया।
समय पर पहुंची मेडिकल टीम
कॉर्निया संकलन की प्रक्रिया डॉ. संदीप बचकर, डॉ. नीलांजना टोप्पो, डॉ. मेघा साहू और निवेश रावटे की टीम ने पूरी की। नवदृष्टि फाउंडेशन के रितेश जैन, सपन जैन, राजेश पारख, राज आढ़तिया, कुलवंत भाटिया, जितेंद्र कारिया, यतीन्द्र चावड़ा, प्रभुदयाल उजाला और हरमन दुलई ने प्रक्रिया में सहयोग किया।
मां की आंखों से दुनिया देखेगा कोई और
लाभु बेन के पुत्र किशोर पटेल ने कहा कि मां के निधन से परिवार गहरे सदमे में है, लेकिन सुकून है कि उनके नेत्रदान से दो लोगों के जीवन में उजाला आएगा। उनकी आंखें किसी और के जरिए दुनिया देखती रहेंगी, यह परिवार के लिए बड़ी सांत्वना है।
