Tuesday, October 6, 2026

हरिराज होटल के बाथरूम में कैमरे मिलने की खबर से शहर में हड़कंप

BSP वर्कर्स यूनियन प्रेसिडेंट ऊज्जवल ने की कार्रवाई की मांग

भिलाई : न्यूज़ 36 : शहर के प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट हरि राज के बाथरूम में कथित तौर पर हिडन कैमरा मिलने का मामला सामने आने के बाद अब इसे लेकर सवाल उठने लगे हैं। बीएसपी वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष उज्जवल दत्ता ने घटना को गंभीर और निंदनीय बताते हुए मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच की मांग की है। उज्जवल दत्ता ने कहा कि बाथरूम जैसी निजी जगह पर  कथित रूप से हिडन कैमरा मिलना सीधे तौर पर लोगों की निजता, सम्मान और सुरक्षा से जुड़ा विषय है। ऐसे मामले को प्रशासन को सामान्य घटना मानकर नहीं चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि घटना सामने आने के बाद भिलाई के नागरिकों में भी चिंता स्वाभाविक है।

कैमरे के साथ डिजिटल उपकरणों की जांच की मांग

उज्जवल दत्ता ने कहा कि यदि जांच में यह साबित होता है कि कैमरा जानबूझकर लगाया गया था, तो पुलिस को यह पता लगाना चाहिए कि इसे किसने लगाया और इसके पीछे क्या उद्देश्य था। साथ ही कैमरे से किसी तरह की रिकॉर्डिंग हुई या नहीं, इसकी भी जांच जरूरी है। उन्होंने पुलिस से कैमरे के अलावा उससे जुड़े मोबाइल फोन, डीवीआर, कंप्यूटर, मेमोरी कार्ड और अन्य डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि कोई वीडियो रिकॉर्ड हुआ था या नहीं और यदि रिकॉर्डिंग हुई तो उसे कहीं सेव, ट्रांसफर या प्रसारित किया गया या नहीं।

संचालक समेत संबंधित लोगों से पूछताछ की मांग

उज्जवल दत्ता ने कहा कि यदि कैमरा लगाए जाने की जिम्मेदारी किसी कर्मचारी पर डाली जा रही है, तो यह भी जांच का विषय है। पुलिस को संचालक सहित मामले से जुड़े सभी लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाना चाहिए कि कैमरा किसने लगाया, वह कितने समय से वहां मौजूद था और इसकी जानकारी किन-किन लोगों को थी। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के तहत तत्काल और कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

दूसरे होटल-रेस्टोरेंट में भी जांच अभियान की मांग

बीएसपी वर्कर्स यूनियन अध्यक्ष ने कहा कि मामला केवल एक रेस्टोरेंट तक सीमित नहीं रहना चाहिए। होटल, रेस्टोरेंट, लॉज, चेंजिंग रूम और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर हिडन कैमरों की जांच के लिए प्रशासन को विशेष अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और युवतियों की निजता एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही। उनका कहना है कि लोगों को होटल या रेस्टोरेंट में जाते समय यह भरोसा रहता है कि उनकी निजी सुरक्षा और गरिमा सुरक्षित है। इस भरोसे के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ गंभीर विषय है।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

उज्जवल दत्ता ने कहा कि यह सिर्फ कैमरा मिलने की घटना नहीं है, बल्कि नागरिकों की निजता और सम्मान से जुड़ा मामला है। उन्होंने प्रशासन से बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच करने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने यह भी मांग की कि जांच जल्द पूरी कर मामले की वास्तविक स्थिति से आम नागरिकों को अवगत कराया जाए, ताकि लोगों का प्रशासन और कानून व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news