Saturday, October 3, 2026

कलेक्टर अभिजीत सिंह सपत्नी पहुंचे आंगनवाड़ी केंद्र, खिलौना दान करने की शुरूआत की

दुर्ग : न्यूज़ 36 : जिले के आंगनबाड़ी केन्द्र में खिलौना दान की पहल शुरू की गयी है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने दीपक नगर के आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 02 में अपनी पत्नी मीनल सिंह के साथ पहुंचे और बच्चों को खिलौने दान किए। कलेक्टर को अपने निज पाकर आंगनबाड़ी के बच्चे खुश हुए। बच्चों से पुष्पगुच्छ भेंट कर कलेक्टर श्री सिंह का स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत कलेक्टर ने बच्चों से उनका परिचय लिया और उन्हें टॉफी और खिलौने भेंट किए।

जिनमें बड़े आकार के रिंग, सॉफ्ट ब्लॉक्स, स्टैकिंग एवं शेपिंग खिलौने, जैसे आसानी से पकड़ने और सुरक्षित रूप से उपयोग किए जा सकने वाले विभिन्न प्रकार के मजबूत खिलौने शामिल हैं। खिलौने मिलने से बच्चे अत्यंत प्रसन्न हुए और आंगनबाड़ी में ही खिलौनों से खेलने लगे। इस दौरान आंगनबाड़ी में 0-6 वर्ष आयु के बच्चों के संख्या 44 थी। आज 3-6 आयु वर्ग के 13 बच्चे उपस्थित थे। कलेक्टर सिंह ने बच्चों के लिए आंगनबाड़ी में बनाई गई खीर का स्वाद भी चखा। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र में स्थित खिलौने बैंक और बच्चों के ड्रॉइंग बैग्स का अवलोकन किया।

कलेक्टर सिंह के कहने पर बच्चों ने आंगनबाड़ी की दीवारों पर बनी अक्षरज्ञान ड्रॉइंग्स को पढ़कर सुनाया। इस दौरान आंगनबाड़ी में उपस्थित बच्चों की माताएं एवं जनप्रतिनिधियों से सुकन्या समृद्धि योजना से लाभ लेने तथा आंगनबाड़ी केन्द्र में खिलौने दान करने की अपील की।

उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला दुर्ग द्वारा जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों के सर्वांगीण विकास और खेल-आधारित सीखने के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जनसमुदाय से सहयोग एवं सहभागिता का आह्वान किया गया है। जिले में वर्तमान में 1550 आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन किया जा रहा है।

इन केंद्रों के माध्यम से 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों को पूरक पोषण आहार, स्वास्थ्य सेवाएं तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा से संबंधित सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इन केंद्रों से मुख्य रूप से आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे जुड़े हुए हैं। कई बच्चों के घरों में पर्याप्त खिलौने, खेल सामग्री एवं आवश्यक वस्त्र उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें खेलते हुए सीखने और अपनी रचनात्मक क्षमताओं को विकसित करने के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते।

इसी उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नागरिकों से आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए सुरक्षित खिलौने, खेल सामग्री एवं उपयोगी वस्त्र दान करने की अपील की गई है।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पाण्डेय, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका, केन्द्र से जुड़ी माताएं, वार्ड के जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news