जेल मुख्यालय ने कलेक्टर और एसपी दुर्ग को जांच के निर्देश दिए
दुर्ग : न्यूज 36 : केंद्रीय जेल दुर्ग में अधिवक्ता और बंदी के बीच विधिक मुलाकात के दौरान अनाधिकृत निजी व्यक्तियों को बैठाकर अधिवक्ता-बंदी की गोपनीयता भंग करने, अधिवक्ता से दुर्व्यवहार करने, अधिवक्ताओं को फुल ड्रेस में उपस्थित होने के अवैध आदेश तथा अधिवक्ताओं के लिए पृथक एवं सम्मानजनक मुलाकात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर अधिवक्ता सौरभ चौबे द्वारा की गई शिकायत पर जेल मुख्यालय ने संज्ञान लिया है।
मुख्यालय, जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं छत्तीसगढ़, सेक्टर-19 नवा रायपुर से महानिदेशक द्वारा 30.09.2026 को जारी पत्र क्रमांक 8162/शिकायत/जे.मु./2026 में आवेदक श्री सौरभ चौबे, अधिवक्ता, सी.एस.पी. ऑफिस के पीछे, गणेश चौक, दुर्ग को सूचित किया गया है कि उनके द्वारा व्हाट्सएप पर दिनांक 01.09.2026 को प्रेषित आवेदन पत्र का अवलोकन किया गया।
पत्र में उल्लेख है कि जेल मुख्यालय के पूर्व पत्र क्रमांक 7426/शिकायत/जे.मु./2026 दिनांक 03.09.2026 के माध्यम से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी जिला दुर्ग को संदर्भित आवेदन में उल्लेखित बिंदुओं की जांच किसी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी से कराकर यथोचित कार्यवाही कर जांच प्रतिवेदन जेल मुख्यालय को प्रेषित करने का अनुरोध किया गया था। सुलभ संदर्भ हेतु उक्त पत्र की छायाप्रति संलग्न की गई है।
इस पत्र की प्रतिलिपि सूचनार्थ एवं यथोचित कार्यवाही हेतु 1- कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी जिला दुर्ग और 2- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जिला दुर्ग को भी प्रेषित की गई है।
