भिलाई : न्यूज़ 36 : थाना अमलेश्वर क्षेत्र के ग्राम पाहंदा में तालाब में नहाने उतरे एक युवक की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर तत्काल हरकत में आई दुर्ग SDRF (राज्य आपदा मोचन बल) और नगर सेना की टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और शव को बाहर निकाला।
पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबा
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की शिनाख्त अश्वनी विश्वकर्मा (32 वर्ष), पिता मेघन विश्वकर्मा, निवासी शारदा पारा कैंप-2 भिलाई के रूप में हुई है। युवक ग्राम पाहंदा स्थित तालाब में नहाने गया हुआ था। नहाते वक्त अचानक पैर फिसल जाने के कारण वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
SDRF के गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना अमलेश्वर थाना क्षेत्र से तुरंत जिला सेनानी, नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं दुर्ग के कार्यालय को दी गई। सूचना मिलते ही SDRF की विशेष रेस्क्यू टीम आधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों के साथ फौरन घटनास्थल के लिए रवाना हुई। गोताखोरों ने बिना वक्त गंवाए गहरे तालाब में उतरकर सर्च अभियान शुरू किया और भारी मशक्कत के बाद शव को ढूंढकर पानी से बाहर निकाला।
पुलिस को सौंपा गया शव
रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद एसडीआरएफ की टीम ने मृतक के पार्थिव शरीर को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई और मर्ग पंचनामा हेतु मौके पर मौजूद अमलेश्वर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
