MSTC पोर्टल के जरिए तीन लॉट में हुई नीलामी, राशि शासन के खाते में जमा कराई जाएगी
भिलाई : न्यूज़ 36 : थाना भिलाई नगर परिसर में लंबे समय से जप्त और लावारिस अवस्था में खड़े 343 दोपहिया वाहनों के नियमानुसार निराकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। दुर्ग पुलिस ने इन वाहनों की MSTC (मेटल स्क्रैप ट्रेडिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड) के ई-ऑक्शन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन नीलामी कराई। तीन लॉट में हुई नीलामी से कुल 12 लाख 26 हजार 950 रुपये की राशि प्राप्त हुई है।
पुलिस के अनुसार, दुर्ग जिले के विभिन्न थानों में लंबे समय से जप्त एवं लावारिस अवस्था में पड़े वाहनों के नियमानुसार निराकरण की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना भिलाई नगर में रखे दोपहिया वाहनों के संबंध में आवश्यक वैधानिक और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें ऑनलाइन नीलामी के लिए MSTC पोर्टल पर रखा गया था।
तीन लॉट में हुई नीलामी
MSTC की उपलब्ध बिड शीट के अनुसार 343 दोपहिया वाहनों को तीन लॉट में शामिल किया गया था। नीलामी में पहले लॉट से 4 लाख 24 हजार 514 रुपये, दूसरे लॉट से 4 लाख 11 हजार 54 रुपये और तीसरे लॉट से 3 लाख 91 हजार 382 रुपये प्राप्त हुए। इस प्रकार तीनों लॉट से कुल 12 लाख 26 हजार 950 रुपये की राशि प्राप्त हुई।
ऑनलाइन प्रक्रिया से किया गया निराकरण
पुलिस के मुताबिक नीलामी की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार ऑनलाइन माध्यम से संपन्न कराई गई। नीलामी से प्राप्त राशि को नियमानुसार शासन के खाते में जमा कराया जाएगा। वहीं थाना भिलाई नगर में अभी भी मौजूद शेष लावारिस वाहनों के निराकरण और नीलामी की प्रक्रिया भी आगे जारी रहेगी।
दस्तावेजी प्रक्रिया में पुलिस की भूमिका
वाहनों के निराकरण से पहले आवश्यक वैधानिक और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की गई। रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा तथा थाना भिलाई नगर पुलिस ने वाहनों से संबंधित प्रक्रिया पूरी कराने और MSTC ई-ऑक्शन के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दुर्ग पुलिस ने की अपील
दुर्ग पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के पंजीयन और स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज सुरक्षित रखें। वाहन खरीदते या बेचते समय दस्तावेजों और स्वामित्व का विधिवत सत्यापन करें। किसी लावारिस या संदिग्ध वाहन की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
