सफाई संबंधी शिकायतों का मौके पर हुआ त्वरित निराकरण, अधिकारियों ने लिया आवेदनों का संज्ञान
दुर्ग : न्यूज़ 36 : सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु अभियान शिविर समस्या का समाधान आपके द्वार का आयोजन 23 सितंबर से 8 अक्टूबर तक नगर निगम क्षेत्र में किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को तिलक कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, शिक्षक नगर एवं तुलाराम कन्या विद्यालय, आर्य नगर में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए गए।
दोनों शिविरों में संबंधित 10 वार्डों के नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं से संबंधित जानकारी, आवेदन एवं समस्याओं के निराकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शिविर के दूसरे दिन नागरिकों द्वारा विभिन्न सेवाओं एवं समस्याओं से संबंधित कुल 16 आवेदन प्रस्तुत किए गए। इनमें सफाई से संबंधित शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। अन्य आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा प्राप्त कर पात्र प्रकरणों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शिविर के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याओं के लिए संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर आवेदन एवं समाधान की सुविधा मिल रही है।
महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने तुलाराम कन्या विद्यालय, आर्य नगर एवं तिलक कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, शिक्षक नगर में आयोजित सेवा सेतु शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर नागरिकों से प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को पात्र प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एमआईसी सदस्य देव नारायण चन्द्राकर, एमआईसी सदस्य एवं पार्षद शेखर चन्द्राकर, पार्षद विद्यावती सिंह, रंजीता पाटिल, सवित्री दमाहे, लोकेश्वरी ठाकुर, मनीषा सोनी, एल्डरमेन अनूप सोनी, कार्यपालन अभियंता सलीम सिद्दीकी, सहायक अभियंता एवं नोडल अधिकारी गिरीश दीवान, सहायक अभियंता एवं नोडल अधिकारी राजेन्द्र ढबाले सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
26 सितंबर को सिकोला भाठा एवं कुशाभाऊ ठाकरे विद्यालय में लगेगा सेवा सेतु शिविर
सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार, 26 सितंबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिकोला भाठा एवं कुशाभाऊ ठाकरे विद्यालय में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर में संबंधित वार्डों के नागरिकों की विभिन्न समस्याओं एवं आवेदनों को प्राप्त कर उनके निराकरण की कार्रवाई की जाएगी।
इन वार्डों के नागरिक होंगे शामिल
वार्ड क्रमांक 14 – सिकोला भाठा, वार्ड क्रमांक 15 – सिकोला बस्ती दक्षिण , वार्ड क्रमांक 16 – सिकोला बस्ती उत्तर
वार्ड क्रमांक 17 – औद्योगिक नगर उत्तर, वार्ड क्रमांक 18 – औद्योगिक नगर दक्षिण , वार्ड क्रमांक 19 – कैलाश नगर दक्षिण
वार्ड क्रमांक 20 – शहीद भगत सिंह उत्तर, वार्ड क्रमांक 21 – तितुरडीह, वार्ड क्रमांक 22 – स्टेशनपारा, वार्ड क्रमांक 24 – आमदी मंदिर
वार्ड क्रमांक 59 – कातुलबोर्ड पूर्व, वार्ड क्रमांक 60 – कातुलबोर्ड पश्चिम
नगर निगम ने संबंधित वार्डों के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आवेदन एवं समस्याओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर सेवा सेतु अभियान का लाभ उठाएं।
