पति-पत्नी दोनों बने ऑनलाइन ठगी का शिकार
भिलाई : न्यूज़ 36 : ग्राम बानबरद में टेलीग्राम के जरिए निवेश कर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर एक व्यक्ति और उसकी पत्नी से कुल 2 लाख 37 हजार 140 रुपये की ऑनलाइन ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर नंदिनी नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बानबरद वार्ड क्रमांक 13 निवासी तुलेश्वर बघेल (28) भिलाई स्टील प्लांट में ठेकेदारी का काम करता है। शिकायत में उसने बताया कि 18 अक्टूबर 2025 को उसके टेलीग्राम अकाउंट पर एक अज्ञात व्यक्ति ने निवेश संबंधी आकर्षक ऑफर भेजा। कम समय में अधिक लाभ और रकम दोगुनी करने का भरोसा देकर उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया। आरोपी ने खुद को ब्लैक रॉक कंपनी का मैनेजर बताया और ग्रुप में दिए निर्देशों के अनुसार निवेश करने के लिए कहा।
आरोपी के झांसे में आकर तुलेश्वर ने अपने बैंक खाते से 21 अक्टूबर 2025 को 88,640 रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। शुरुआत में उसे कुछ लाभदिखाया गया, लेकिन जब उसने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो पैसे नहीं निकले। इसके बाद आरोपियों ने उसकी आईडी लॉक होने की बात कहते हुए उसे अनलॉक कराने के लिए 1.50 लाख रुपये जमा करने को कहा।
आरोपियों की धमकी और दबाव में आकर तुलेश्वर ने 26 अक्टूबर 2025 को 74,250 रुपये अपने खाते से और 74,250 रुपये अपनी पत्नी कन्या कुमारी बघेल के खाते से बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। इस तरह कुल 2,37,140 रुपये आरोपियों के खातों में पहुंच गए।
रकम ट्रांसफर होने के बाद आरोपियों ने तुलेश्वर से संपर्क बंद कर दिया और उसे टेलीग्राम ग्रुप से भी हटा दिया। बाद में उसे अपने साथ साइबर फ्रॉड होने की जानकारी हुई। इसके बाद उसने नंदिनी नगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत पर नंदिनी नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 0328/2026 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318 (4) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है। पुलिस लेन-देन से जुड़े बैंक खातों और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जानकारी के आधार पर
आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
