भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर पालिक निगम की रोका-छेका टीम ने पावर हाउस चौक क्षेत्र में सड़क किनारे लगाए गए फल ठेलों को हटाने की कार्रवाई की। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल पावर हाउस चौक पर दिनभर वाहनों का दबाव रहता है। सड़क किनारे फल ठेले और अस्थायी दुकानें लगने से मार्ग की चौड़ाई कम हो रही थी, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे संचालित ठेलों को हटाया और मार्ग को आवागमन के लिए व्यवस्थित कराया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अस्थायी अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है। इसके अलावा पैदल चलने वालों को भी सड़क पर उतरकर निकलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए ऐसे क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है।
सड़क किनारे दोबारा अतिक्रमण होने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। निगम ने फल ठेला संचालकों सहित अन्य व्यवसायियों से सार्वजनिक मार्ग और फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने कहा गया।
