Tuesday, September 22, 2026

अवैध शराब के खिलाफ दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 21 प्रकरण दर्ज

भिलाई : न्यूज़ 36 : जिले में अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने एक दिन में बड़ी कार्रवाई की है।

20 सितंबर को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 21 प्रकरण दर्ज कर 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने देशी शराब सहित बिक्री की रकम जब्त की है।

पुलिस के अनुसार अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन पर नियंत्रण के लिए जिले में लगातार पेट्रोलिंग, क्षेत्रीय निगरानी और सूचना तंत्र को सक्रिय रखा गया है। इसी क्रम में पुलिस टीमों ने मुखबिर सूचना और पेट्रोलिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।

कुम्हारी में 29 नग शराब जब्त

थाना कुम्हारी पुलिस ने आरोपी डोमन साहू (30 वर्ष), निवासी कण्डरका को अवैध रूप से शराब बिक्री करते हुए घेराबंदी कर पकड़ा। उसके कब्जे से 29 नग देशी शोले मसाला मदिरा, कुल 5.220 बल्क लीटर, कीमत 2,900 रुपये तथा बिक्री रकम 200 रुपये कुल 3,100 रुपये का सामान जब्त किया गया।

इसी तरह सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने देवेन्द्र सारथी उर्फ दाऊ अंडा (26 वर्ष), निवासी मठपारा दुर्ग को अवैध शराब बिक्री करते हुए पकड़ा। उसके कब्जे से 24 नग देशी शोले मसाला और 5 नग शेरा मसाला मदिरा, कुल 5.220 बल्क लीटर, कीमत 2,900 रुपये तथा बिक्री रकम 150 रुपये जब्त की गई।

इन थाना क्षेत्रों में भी हुई कार्रवाई

पुलिस ने थाना नंदिनी, पाटन, उतई, दुर्ग, जेवरा सिरसा और नेवई सहित अन्य थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई की। इनमें सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई, जबकि अवैध रुप से शराब बिक्री करने वालों को घेराबंदी कर पकड़ा गया।

कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों में नंदिनी थाना क्षेत्र से समीर टंडन, देवेन्द्र सोनवानी, पवन कुमार और मोहित कुमार, पाटन से संदीप मेहर और मनीष मरकाम, उतई से कृष्ण बांधे, शुभम शर्मा और चेतन साहू शामिल हैं।

थाना दुर्ग क्षेत्र से रघुवीर ढीमर, कोमल ढीमर, राजा राव, पवन बघेल, मननू गोड़ और देवेन्द्र सारथी उर्फ दाऊ अंडा को गिरफ्तार किया गया। जेवरा सिरसा से धर्मेंद्र यादव और तरुण कुमार निषाद, जबकि नेवई थाना क्षेत्र से दिलेश्वर प्रसाद, शकील खान और तारकेश्वर राव के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पेट्रोलिंग और मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक अवैध शराब बिक्री के मामलों में आरोपी शराब को अपने कब्जे में रखकर ग्राहकों को बिक्री के लिए उपलब्ध करा रहे थे। वहीं सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन के मामलों में आरोपी खुले स्थानों पर शराब पीते पाए गए। पुलिस टीमों ने पेट्रोलिंग, मुखबिर सूचना और क्षेत्रीय निगरानी के आधार पर तस्दीक के बाद मौके पर कार्रवाई की।
पूरी कार्रवाई संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा की गई।

थाना कुम्हारी की कार्रवाई में पीएसआई दुजलाल ध्रुव, आरक्षक दशरथ सेठी और आरक्षक राजेश ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब की बिक्री, अवैध परिवहन अथवा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन जैसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित लागू कानूनी प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news