Tuesday, September 22, 2026

24 घंटे में नवविवाहिता की मौत का खुलासा, आरोपी पति गिरफ्तार

चरित्र पर संदेह और घरेलू विवाद में की थी, बीमारी बताकर अस्पताल ले गया था आरोपी

दुर्ग : न्यूज़ 36 : धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम अगर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत हत्या जनित (होमिसाइडल) बताए जाने के बाद पुलिस ने जांच को हत्या के एंगल से आगे बढ़ाया। पूछताछ में मृतिका के पति त्रिलोक खांडे (26) पर घरेलू विवाद और पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते हत्या करने का आरोप सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा से नवविवाहिता अन्नू खांडे, पति त्रिलोक खांडे की अज्ञात अवस्था में मौत की सूचना मिली थी। नवविवाहिता की मौत होने के कारण अनुविभागीय दंडाधिकारी को सूचना दी गई। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई के दौरान मृतिका के सिर पर चोट के निशान पाए गए।
इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। चिकित्सक की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु को होमिसाइडल बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मृतिका के परिजनों सहित संबंधित लोगों से पूछताछ शुरु की।

पहले से चल रहा था पति-पत्नी के बीच विवाद

जांच में पुलिस को दोनों के बीच पूर्व से घरेलू विवाद होने की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक आरोपी पति अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि 21 फरवरी 2026 को दोनों तलाक लेने के संबंध में धमधा न्यायालय भी गए थे। बाद में मृतिका को मायके छोड़ने के दौरान उसके पिता के साथ मारपीट की घटना को लेकर जामुल थाने में रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी।

मारपीट और गला दबाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर की रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि विवाद के दौरान उसने खाट पर बैठी अन्नू खांडे के सिर पर हाथ-मुक्के से मारपीट की और गला दबाया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि घटना के बाद हत्या की बात छिपाने और मौत को सामान्य बीमारी से हुई मौत बताने के उद्देश्य से आरोपी मृतिका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा लेकर पहुंचा। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा

शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनाक्रम और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पति को संदेह के दायरे में लेकर पूछताछ की। पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर त्रिलोक खांडे, निवासी ग्राम अगर, थाना धमधा को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को देने के बाद आरोपी को न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है और प्रकरण में प्राप्त एवं जब्त सामग्री का विवरण विवेचना के अनुसार दर्ज किया जाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी और मामले के त्वरित खुलासे में थाना धमधा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद या हिंसा की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें तथा किसी घटना को छिपाने या गलत जानकारी देकर वास्तविक तथ्य बदलने का प्रयास न करें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news