कुरूद में हत्या का मामला, जामुल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा
भिलाई : न्यूज़ 36 : जामुल थाना क्षेत्र के ग्राम कुरुद में शराब सेवन के दौरान हुए आपसी विवा ने हिंसक रुप ले लिया। विवाद के दौरान ईंट और स्टील के गिलास से सिर व चेहरे पर हमला किए जाने से पूरन भारती की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 20 सितंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे ग्राम कुरुद में ममता मेडिकल के पास स्थित मकान में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि पूरन भारती को ईंट से हमला कर घायल किया गया है। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची, जहां मकान के अंदर पूरन भारती घायल अवस्था में जमीन पर पड़ा मिला। घटनास्थल के आसपास ईंट पर रक्त के निशान भी मिले।
शराब सेवन के दौरान बढ़ा विवाद
प्रारंभिक जांच और पूछताछ में पुलिस को पता चला कि मनीष कुमार बघेल अपने दोस्त पूरन भारती को लेकर राज जोशी के मकान पर आया था। वहां ती ने शराब का सेवन किया। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरु हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपियों ने पूरन भारती के साथ मारपीट की। इसी दौरान राज जोशी ने ईंट और स्टील के गिलास से पूरन के सिर और चेहरे पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले में जामुल थाने में अपराध क्रमांक 697/2026, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरु की गई।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में राज जोशी (19), निवासी कुरूद और मनीष कुमार बघेल (40), निवासी ग्राम काशीडीह खोपली, थाना उतई को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 21 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक ईंट और एक स्टील का गिलास भी जब्त किया है।
मामले में आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त सामग्री की बरामदगी में थाना जामुल पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद की स्थिति में हिंसा का सहारा न लें। विवाद बढ़ने से पहले पुलिस को सूचना दें और कानून हाथ में लेने के बजाय वैधानिक माध्यम से शिकायत एवं सहायता प्राप्त करें।
