भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई श्रमिक सभा के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्य महाप्रबंधक (एचआर) प्रशांत ओझा से सौजन्य भेंट कर कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर चर्चा की। यूनियन अध्यक्ष एचएस मिश्रा के निर्देश पर महासचिव डीके सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सेल अध्यक्ष अशोक कुमार पंडा के नाम मांगपत्र सौंपा। यूनियन ने पिछले वेतन समझौते के अनुसार 39 माह के लंबित एरियर्स का भुगतान करने और अन्य लंबित मुद्दों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की। नए वेतन समझौते के लिए जल्द कमेटी गठित कर सम्मानजनक वेतन समझौता समय पर पूरा करने तथा मंथली इंसेंटिव स्कीम में बदलाव कर कर्मचारियों को मिलने वाली राशि में वृद्धि की मांग भी रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने सेल के सभी संयंत्रों में अधिकारियों के साथ तकनीशियन और अटेंडेंट पदों पर कर्मचारियों की भर्ती शुरू करने की मांग की। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र को निजी हाथों में जाने से रोकने, विशेषज्ञ चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती करने पर भी जोर दिया गया। यूनियन ने बोनस (एक्सग्रेशिया) के नियमों में बदलाव कर कम से कम एक माह के बेसिक प्लस डीए के बराबर बोनस देने की मांग की। टाउनशिप के जर्जर आवासों को हटाकर कर्मचारियों के लिए नए तीन बीएचके आवास बनाने तथा दो कर्मचारी क्लब विकसित करने की मांग भी की गई। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के मेडिक्लेम का भुगतान, इलाज में भेदभाव नहीं करने, रिटेंशन और लाइसेंस स्कीम शुरू करने की मांग रखी गई। ठेका श्रमिकों के लिए केंद्रीय वेतनमान, सुरक्षा प्रशिक्षण और आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। मुख्य महाप्रबंधक प्रशांत ओझा ने कहा कि प्रबंधन कई मांगों से अवगत है।
