Thursday, September 17, 2026

मकान और गोदाम में मिला पीडीएस का चावल

दुर्ग : पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने भिलाई के दो अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित मकान और गोदाम में दबिश दी। इस दौरान यहां प्लास्टिक बोरे में भरा हुआ चावल बरामद किया गया। बरामद चावल पीडीएस के होने की आशंका जताई जा रही है। खास बात यह है कि पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने यह कार्रवाई कलेक्टर को मिली सूचना के आधार पर की।

भिलाई क्षेत्र में स्थित एक मकान और गोदाम में पीडीएस का चावल भंडारण किए जाने की शिकायत कलेक्टर अभिजीत सिंह से की गई थी। इस पर कलेक्टर ने पुलिस और खाद्य विभाग के अधिकारियों को शिकायतकर्ता द्वारा बताए गए पते पर जांच के निर्देश दिए। निर्देश पर सुपेला पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने संबंधित स्थानों पर दबिश दी। जांच के लिए बनाई गई तीन संयुक्त टीम ने दोपहर 1.30 बजे अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। राजीव नगर वार्ड क्रमांक-19 भिलाई स्थित अमर दास चेलक के निजी मकान में पुलिस व खाद्य विभाग की टीम पहुंची। यहां 60 प्लास्टिक बोरे में भरे हुए अरवा चावल बरामद किया गया। उक्त अरवा चावल को आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत मकान मालिक अमर दास चेलक के पुत्र सोहन चेलक से जब्त किया गया। इसी कड़ी में टीम ने त्रिवेदी किराना स्टोर के प्रोपाइटर त्रिवेदी लाल साव के दुकान के पीछे स्थित घर के गोदाम परिसर में दबिश दी। यहां 72 कट्टा प्लास्टिक बोरे में रखा करीब 36 क्विंटल चावल जब्त किया गया। मामले में खाद्य विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पहले भी हो चुकी है शिकायत

सूत्रों के मिली जानकारी के मुताबिक जिन स्थानों पर पुलिस व खाद्य विभाग द्वारा कार्रवाई की गई वहां पूर्व में भी चावल का अवैध रूप से भंडारण किए जाने की शिकायत होती रही है। लेकिन शिकायत के बाद भी सही कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगता रहा है। यह आशंका जताई जा रही है कि शिकायतकर्ता ने पूर्व की कार्रवाई को ध्यान में रखते हुए इस बार खाद्य अथवा किसी अन्य विभाग के अधिकारियों को शिकायत करने के बजाए सीधे कलेक्टर से की। इसे लेकर भी शहर में चर्चा रही।

चावल जब्त करने के बाद मामले में एक दुकानदार को छावनी थाना ले जाया गया। लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया। वहीं दूसरे दुकानकार को सुपेला थाना में बैठाया गया है। जहां पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news