5 आरोपी गिरफ्तार, अंजोरा पुलिस की कार्रवाई
दुर्ग : न्यूज़ 36 : पुलगांव थाना क्षेत्र की अंजोरा चौकी अंतर्गत काली मंदिर के पास ढाबा बंद कराने को लेकर विवाद में घर में घुसकर तोड़फोड़,मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडे और मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक 14 सितंबर की रात ढाबा बंद करने को लेकर आरोपियों ने ढाबा संचालक को लगातार फोन कर धमकाया। इसके बाद आरोपी एकजुट होकर पीड़ित के किराए के मकान में जबरन घुस गए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए घर के बाहर रखे सामान और लाइटिंग आदि में तोड़फोड़ की तथा मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलगांव और चौकी अंजोरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरु की। मुखबिर एवं पीड़ित से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 0808/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 191(2), 331(6), 296, 351(3) और 324(4) के तहत कार्रवाई की है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण : गिरफ्तार आरोपियों में सनी उर्फ चेतन खन्ना (33), धर्मपाल खन्ना उर्फ गोल्डी (29), चंद्रप्रकाश खन्ना उर्फ मनी (31) तीनों निवासी पुलगांव शामिल हैं। इनके अलावा गणेश साहू (22), निवासी टाटीबंध रायपुर तथा नीरें सुबह (26), निवासी जलपाईगुड़ी पश्चिम बंगाल, हाल मुकाम खन्ना ढाबा, जोड़ा को भी गिरफ्तार किया गया है।
डंडे और मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए डंडे तथा आरोपियों के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि गैर-कानूनी गतिविधियों और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
