Wednesday, September 16, 2026

वर्कर को ढाबे में रखने के विवाद में बवाल, 3 सगे भाइयों समेत पांच पर बलवा का केस

खन्ना ढाबा के संचालक ने की मारपीट, ठाकरे ढाबे में तोड़फोड़ : अंजोरा पुलिस ने दर्ज किया अपराध

दुर्ग : न्यूज़ 36 : अंजोरा स्थित ठाकरे ढाबे में महिला वर्कर को काम पर रखने को लेकर हुए विवाद ने देर रात मारपीट और तोड़फोड़ का रूप ले लिया। खन्ना ढाबा के संचालक चेतन उर्फ सनी सहित तीन सगे भाइयों और उनके दो अन्य साथियों पर ठाकरे ढाबा के संचालक के साथ मारपीट करने तथा ढाबे में तोड़फोड़ करने का आरोप है। मामले में अंजोरा चौकी पुलिस ने पांचों के खिलाफ बलवा सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल के अनुसार घटना 14 सितंबर 2026 की रात करीब 3 बजे की है। शिकायत के मुताबिक ठाकरे ढाबा के संचालक दिनेश अपने भाई गोल्डी, ओम मणि और वर्कर के साथ ढाबे में मौजूद थे। इसी दौरान खन्ना ढाबा के संचालक चेतन उर्फ सनी अपने तीन सगे भाइयों एवं दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा।

आरोप है कि महिला वर्कर को खन्ना ढाबे में काम करने के बजाय ठाकरे ढाबे में काम कराने की बात को लेकर विवाद शुरु हुआ। देखते ही देखते आरोपियों ने दिनेश के साथ मारपीट की और ढाबे में तोड़फोड़ कर दी।घटना के बाद मामले की शिकायत अंजोरा चौकी में की गई।

पुलिस ने ठाकरे ढाबा संचालक दिनेश की रिपोर्ट पर खन्ना ढाबा संचालक चेतन उर्फ सनी सहित तीन सगे भाइयों और दो अन्य के खिलाफ अपराध क्रमांक 0808/26 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 191(2), 296, 324(4), 331(6) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक घटना के कारणों और विवाद में शामिल सभी पक्षों की भूमिका की जांच की जा रही है।

 

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news