कम समय में अधिक मुनाफे का झांसा देकर कराया इकरारनामा, सीमांकन और बिजली खंभा हटाने के नाम पर टालते रहे रजिस्ट्री, दो आरोपी फरार
दुर्ग : न्यूज़ 36 : भूमि खरीद-बिक्री में कम समय में अधिक लाभ का झांसा देकर 10.01 लाख रुपये लेने और बाद में उसी जमीन को दूसरे व्यक्ति को अधिक कीमत पर बेचने के मामले में मोहन नगर पुलिस ने एक जमीन दलाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लोकेश खुल्लर उर्फ लक्की (38 वर्ष), निवासी मैत्री नगर, रिसाली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 15 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक शांति नगर निवासी विजय सिंह चौहान (53) ने 14 सितंबर को थाना मोहन नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार वर्ष 2024 में उनकी पहचान अजय साहू से हुई थी। अजय ने खुद को जमीन की खरीद-बिक्री का काम करने वाला बताते हुए विजय की मुलाकात लोकेश खुल्लर और अमित साहू से कराई।
आरोपियों ने विजय को उरला, दुर्ग स्थित करीब 10 हजार वर्गफीट जमीन दिखाई और कम समय में अच्छा मुनाफा होने का भरोसा दिलाया। विजय ने पूरी जमीन अकेले खरीदने में असमर्थता जताई तो लोकेश ने आधी जमीन खुद खरीदने और साझेदारी में सौदा करने की बात कही।
इसके बाद जमीन मालिकों से मुलाकात कराकर जमीन का सौदा 1,250 रुपये प्रति वर्गफीट की दर से तय कराया गया। 7 अक्टूबर 2024 को जमीन का इकरारनामा भी कराया गया। आरोप है कि लोकेश ने रजिस्ट्री से पहले जमीन का सीमांकन कराने और मौके पर मौजूद बिजली के खंभे को हटवाने की जिम्मेदारी ली थी।
10.01 लाख रुपये लेने के बाद बदल गया पूरा खेल
शिकायत के मुताबिक आरोपियों के कहने पर विजय ने 3 अक्टूबर 2024 को अमित साहू को 51 हजार रुपये तथा 7 अक्टूबर को जमीन मालिकों के नाम 5 लाख और 4.50 लाख रुपये के चेक दिए। संबंधित खातों में इनकी राशि प्राप्त भी हुई। इस तरह कुल 10.01 लाख रुपये का लेन-देन हुआ।
इसके बाद निर्धारित समय बीतने के बावजूद न तो जमीन का सीमांकन कराया गया और न ही रजिस्ट्री कराई गई। आरोपी लगातार किसी न किसी बहाने से विजय को आश्वासन देते रहे। बाद में विजय को पता चला कि जिस जमीन के लिए उससे रकम ली गई थी, उसे आरोपियों ने किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर रजिस्ट्री करा दी है। रकम वापस मांगने पर भी पैसे नहीं लौटाए गए। इसके बाद विजय ने पुलिस से शिकायत की।
दस्तावेज और लेन-देन की जांच के बाद गिरफ्तारी
शिकायत मिलने के बाद मोहन नगर पुलिस ने जमीन से जुड़े दस्तावेज, इकरारनामा और वित्तीय लेन-देन की जानकारी की जांच शुरु की। विवेचना के दौरान लोकेश खुल्लर उर्फ लक्की की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मामले से संबंधित भूमि दस्तावेज और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जांच में लिए हैं। प्रकरण में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस की अपील-जमीन खरीदने से पहले करें पूरी जांच
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जमीन या अन्य संपत्ति खरीदने से पहले स्वामित्व, दस्तावेज, सीमांकन और पंजीयन की पूरी तरह जांच करें। कम समय में अधिक लाभ का लालच देने वाले लोगों के झांसे में आकर बिना सत्यापन के रकम का लेन-देन न करें। संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
