आपसी विवाद ने लिया खूनी रूप
भिलाई : न्यूज़ 36 : थाना रानीतराई पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए ग्राम आसोगा में हुए कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने आपसी विवाद के दौरान सब्बल से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी।
थाना रानीतराई पुलिस के अनुसार 11 सितंबर शुक्रवार को दोपहर थाना क्षेत्र के ग्राम आसोगा में कामता कोसरे (35 वर्ष) और भूपेंद्र टंडन (26 वर्ष) के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और भूपेंद्र टंडन ने पास में रखे सब्बल से कामता कोसरे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे कामता गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित : सूचना मिलते ही रानीतराई पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कामता को पाटन अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा और एसडीओपी पाटन प्रांशु तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हुबलाल चंद्राकर नै टीम गठित कर आरोपी को तत्काल हिरासत में लिया।
