19 एक्टिव केस अभी भी, 21 को मिल चुकी है छुट्टी
भिलाई : न्यूज़ 36 : जिले में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार पैर पसार रहा है। पिछले सात दिनों में लगातार नए मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। सोमवार को 1 और मंगलवार को 3 नए मरीजों को लेकर दो दिन में 4 नए मरीज मिले हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे के अनुसार 5 अगस्त को इस सीजन का पहला मरीज मिला था। 29 अगस्त से संक्रमण में तेजी आई और इधर 2 सितंबर से रोज नए मरीज मिल रहे हैं। अब तक मिले कुल कंफर्म स्वाइन फ्लू मरीजों की संख्या 40 पहुंच गई है। राहत की बात यह कि स्वस्थ होने से 21 मरीजों को छुट्टी दे दी गई है। वर्तमान में 19 एक्टिव केस जरूर हैं, लेकिन पूर्व के वर्षों की तरह एक भी जनहानि नहीं हुई है। 19 एक्टिव मरीजों में 7 होम आइसोलेशन में और बचे हुए 12 अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों के मुताबिक मौसम में हो रहे बदलाव और उतार-चढ़ाव के कारण वायरस एच1एन1 वायरस सक्रिय है। क्योंकि आद्रता युक्त मौसम हर प्रकार के वायरल बीमारियों के लिए अनुकूल होता है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। सर्दी, खांसी या तेज बुखार जैसे लक्षणों को सामान्य मौसमी बीमारी समझकर नजर अंदाज नहीं करने की सलाह दी है।
