भिलाई : न्यूज़ 36 : छावनी थाना क्षेत्र के कैंप इलाके में तीन नाबालिग बच्चियों के साथ यौन शोषण (ओरल सेक्स) का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि मोहल्ले में रहने वाला 59 वर्षीय फिरोज मंसूरी बच्चियों को अपने घर ले जाकर उनके साथ आपत्तिजनक कृत्य करता था। पीड़ित बच्चियों में दो सगी बहनें शामिल हैं।
नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा ने बताया कि यह घटना करीब 10 से 11 दिन पहले की है। तीनों बच्चियों ने अपने साथ हो रही प्रताड़ना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद सोमवार रात बच्चियों के परिजन छावनी थाना पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए छावनी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी फिरोज मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया। नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा ने बताया कि पीड़ित नाबालिग बच्चियों के परिजनों की रिपोर्ट पर छावनी थाना में अपराध क्रमांक 0567/26 दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 4-CHL, 6-CHL, 127(2)-BNS, 64(2)(m)-BNS एवं 65(2)-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरु कर दी है। पुलिस द्वारा पीड़ित बच्चियों से संबंधित आवश्यक कानूनी एवं चिकित्सकीय प्रक्रिया भी नियमानुसार कराई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
