Thursday, August 13, 2026

बंद मकानों में चोर गिरोह की नजर, वैशाली नगर पुलिस ने महिला सहित 5 को किया गिरफ्तार

सोने-चांदी के जेवर से लेकर गैस सिलेंडर तक बरामद, मई से जुलाई के बीच कई वारदातों का खुलासा

रेकी के बाद दिन-रात बंद घरों को बनाते थे निशाना, ज्वेलर्स के पास बेच देते थे चोरी के गहने

भिलाई : न्यूज़ 36 : वैशाली नगर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने बंद और सुनसान मकानों को निशाना बनाने वाले गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मई, जून और जुलाई 2026 के दौरान वैशाली नगर, सुपेला, कैंप सहित आसपास के इलाकों में कई मकानों में चोरी करना स्वीकार किया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, गैस सिलेंडर सहित चोरी का अन्य सामान और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं की कड़ियां भी जोड़ रही है।

पहले करते थे रेकी, फिर तोड़ते थे ताला

वैशाली नगर पुलिस के मुताबिक चोरी के मामलों की जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और चोरी के सामान के संभावित खरीदारों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। संदिग्धों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की गई, जिसमें बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने की बात सामने आई।

आरोपी दिन और रात के समय ऐसे मकानों पर नजर रखते थे, जिनमें लंबे समय से कोई मौजूद नहीं होता था। मकान के बंद होने की पुष्टि करने के बाद ताला तोड़कर अंदर घुसते और सोने-चांदी के जेवर, नकदी, गैस सिलेंडर तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे।

मई से जुलाई तक कई मकानों को बनाया निशाना

पूछताछ में आरोपियों ने मई 2026 में स्कूल के सामने स्थित एक मकान से सोने की कानबाली, चांदी की बिछिया, पायल और करधन चोरी करना स्वीकार किया। इसके अलावा कैंप और राजीव नगर क्षेत्र के मकानों से भी सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने की जानकारी सामने आई।
जून और जुलाई में भी आरोपियों ने बंद मकानों को निशाना बनाया। इन वारदातों में सोने की अंगूठी, सोने की चेन, चांदी की पायल, बिछिया, करधन, नकदी और गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान चोरी किया गया।

गहने ज्वेलर्स को बेचकर आपस में बांटते थे रकम

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों को अलग-अलग ज्वेलर्स के पास बेच देते थे। इससे मिलने वाली रकम को आपस में बांटकर खर्च किया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया है। पूछताछ में सुपेला और आसपास के अन्य थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात पुलिस ने कही है।

पांच आरोपी गिरफ्तार

1. मोहम्मद अनीस खान, 40 वर्ष, जेपी नगर,
2. श्रीनिवास शाह, 35 वर्ष, शारदा पारा, कैंप-02।

3. मोहम्मद इरशाद, 32 वर्ष, अंबेडकर नगर, कोहका।

4. एम. चिन्ना राव, 54 वर्ष, स्टीलनगर, सुपेला।

5. शमीन बेगम उर्फ सोना, 42 वर्ष, जेपी नगर, कैंप-02।

सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। बरामद सामग्री और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता को लेकर पुलिस की विवेचना जारी है।

घर लंबे समय तक बंद है तो रहें सतर्क

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर को लंबे समय तक बंद रखने की स्थिति में आसपास के विश्वसनीय लोगों को इसकी जानकारी दें और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करें। किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news