गनियारी स्थित आवास के बाहर खड़ी कार का पिछला शीशा टूटा
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई-चरोदा नगर निगम के महापौर निर्मल कोसरे के सरकारी वाहन पर पथराव कर शीशा तोड़ने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे गनियारी स्थित महापौर के निवास के बाहर हुई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गांव के ही युवक निखिल टंडन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार महापौर का सरकारी वाहन क्रमांक सीजी 07 सीयू 9918 घर के बाहर खड़ा था। सुबह अचानक तेज आवाज सुनकर महापौर और उनके परिजन बाहर आए। वाहन की जांच करने पर पिछली सीट का शीशा टूटा हुआ मिला।
इसके बाद निवास के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक युवक वाहन पर पत्थर मारते दिखाई दिया। हुलिया के आधार पर पुलिस ने निखिल टंडन को हिरासत में लिया है।
घटना की सूचना महापौर के पीएसओ और वाहन चालक ने भिलाई-3 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। फिलहाल पथराव के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
