आज जुटेगा भाजपा का कार्यकर्ता परिवार
भिलाई : न्यूज़ 36 : देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अभियान “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा” के तहत भाजपा जिला भिलाई द्वारा विभिन्न मंडलों में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज 13 अगस्त को जिला स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा दोपहर 12 बजे जुनवानी चौक से प्रारंभ होकर लगभग दोपहर 2 बजे श्री अग्रसेन चौक पर पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
सांसद-विधायक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता होंगे शामिल
आयोजकों के अनुसार जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा में क्षेत्र के सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, भाजपा के राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी-कार्यकर्ता, पार्षद एवं छाया पार्षद सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन शामिल होंगे।
भाजपा जिला भिलाई द्वारा बताया गया कि 10 अगस्त से 15 अगस्त तक जिले के विभिन्न मंडलों में क्रमवार तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील
जिला स्तरीय आयोजन समिति की प्रभारी श्रीमती पूनम शुक्ला तथा सहयोगी मनोज तिवारी, रश्मि सिंह एवं भारती साहू ने भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है तथा इस अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाना सभी की जिम्मेदारी है।
भाजपा जिला भिलाई के मीडिया सहप्रभारी सूरजजायसवाल ने बताया कि तिरंगा यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
