भिलाई : न्यूज़ 36 : जामुल थाना क्षेत्र के ग्राम नारधा में मंगलवार सुबह मोटरसाइकिल के लेनदेन के विवाद में एक अधेड़ ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जामुल थाना प्रभारी राकेश खुटेश्वर ने बताया कि सुबह करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच ग्राम नारधा के सतनामी पारा में आरोपी अरविंद चतुर्वेदी (करीब 50-52 वर्ष) ने गांव के ही भीषम गायकवाड़ (35 वर्ष) पर पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में चाकू से कई वार किए।
घायल भीषम को गंभीर हालत में मुरमुंदा स्थित कर्मा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भीषम गायकवाड़ ने अरविंद चतुर्वेदी से एक मोटरसाइकिल ली थी। आरोपी काफी समय से बाइक वापस मांग रहा था। बाइक नहीं लौटाने से नाराज होकर उसने आवेश में आकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सबसे पहले सूचना डायल 112 को मिली। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया। बाद में जामुल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
