भिलाई : न्यूज़ 36 : जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने सोमवार तड़के थाना छावनी और मोहन नगर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र पटेल के नेतृत्व में करीब 100 से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने घर-घर पहुंचकर सत्यापन किया। अभियान के दौरान 7 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
घर-घर पहुंची पुलिस, दस्तावेजों की हुई जांच
प्रातःकालीन अभियान के तहत थाना छावनी क्षेत्र के प्रगति नगर बीएसपी क्वार्टर में प्रत्येक मकान का भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस ने निवासियों के आधार कार्ड, पहचान पत्र, वाहनों एवं अन्य दस्तावेजों की जांच की। साथ ही यह भी देखा गया कि कहीं अवैध रूप से मादक पदार्थ, शराब या अन्य प्रतिबंधित सामग्री का संग्रहण तो नहीं किया जा रहा है।
मोहन नगर क्षेत्र में भी चला सघन अभियान
थाना मोहन नगर पुलिस ने उरला बॉम्बे आवास, शंकर नगर और शांति नगर में घर-घर जाकर किरायेदारों का सत्यापन किया। इस दौरान किरायेदारों के दस्तावेज, पहचान पत्र और वाहनों की जांच की गई तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई।

7 वारंटी चढ़े पुलिस के हत्थे
विशेष अभियान के दौरान थाना छावनी क्षेत्र से 7 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। गया। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
अपराधियों पर नकेल कसने की कवायद
दुर्ग पुलिस ने बताया कि इस तरह के विशेष अभियान का उद्देश्य अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। आने वाले समय में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस की अपील : दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपने किरायेदारों एवं घरेलू कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा डायल 112 पर देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आमजन का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।
