मोहननगर पुलिस की कार्रवाई
दुर्ग : न्यूज़ 36 : जमीन हड़पने के उद्देश्य से एक परिवार को धमकाकर भय का माहौल बनाने के आरोप में मोहननगर पुलिस ने एक प्रॉपर्टी डीलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को प्रार्थी प्रविन्दर सिंह चाने ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि प्रॉपर्टी डीलर लाखन सिंह उनकी पत्नी और बच्चों को धमकाकर भय का वातावरण बना रहा है तथा उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहा है।
शिकायत की जांच के बाद मोहननगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 533/2026 दर्ज करते हुए आरोपी के विरुद्ध धारा 296, 351(2) एवं 308(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध कायम किया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश कर 28 जुलाई 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी ने प्रार्थी के परिवार, विशेष रुप से उसकी पत्नी और बच्चों के बीच डर और दबाव का माहौल बनाकर भूमि पर अवैध कब्जा करने तथा उसे अपने पक्ष में कराने का प्रयास किया था।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि भूमि संबंधी विवादों में कानून का पालन करें और यदि कोई व्यक्ति धमकी, दबाव या अवैध कब्जे का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
