भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर निगम भिलाई महापौर परिषद की बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें स्वीकृति एवं अनुशंसा प्रदान की गई। महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता एवं निगम आयुक्त सुरुचि सिंह की उपस्थिति में आयोजित हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत जोन-3 में एसीसी चौक से पावर हाउस चौक तक नंदिनी रोड के चौड़ीकरण एवं सौंदर्गीकरण कार्य को मंजूरी दी गई। करीब 2.90 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से यातायात व्यवस्था सुगम होने के साथ नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इसके अलावा निगम क्षेत्र की स्ट्रीट लाइटों के वार्षिक संचालन, संधारण एवं रखरखाव के लिए लगभग 1.99 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। जोन-5 में निगम द्वारा विकसित खेल मैदानों एवं कोर्ट के संचालन और रखरखाव पर भी सहमति जताई। वार्ड-60 में नवनिर्मित लाइब्रेरी एवं आक्सी रीडिंग जोन के संचालन के लिए रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। बैठक में उप अभियंताओं को सहायक अभियंता पद पर पदोन्नति संबंधी प्रस्ताव पर भी नियमानुसार कार्रवाई की अनुशंसा की गई।
