भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में घुसकर 210 किलोग्राम स्क्रैप कापर चोरी करने वाले गिरोह के दो फरार आरोपियों को भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उक्त प्रकरण में पुलिस ने एक आरोपी को घटना के दौरान ही गिरफ्तार कर लिया था। घटना मई माह में हुई थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक 24 मई को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि भिलाई इस्पात संयंत्र के प्लेट मिल-तीन के पीछे कुछ लोग अवैध रूप से संयंत्र परिसर में घुसकर 210 किलोग्राम स्क्रैप कापर चोरी कर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। सीआइएसएफ की सतर्कता से मुख्य आरोपी नेमचंद यादव को मौके पर पकड़ लिया गया था। उसके कब्जे से करीब 1.26 लाख रुपये का 210 किलोग्राम स्क्रैप कापर बरामद किया गया था। उसे उसी दिन गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस लगातार फरार आरोपी आकाश कुहीकर निवासी ढांचा भवन कुरुद और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू निषाद निवासी बजरंग पारा स्टेशन मरोदा की तलाश कर रही थी। पुलिस ने 27 जुलाई को दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने मुख्य आरोपी के साथ मिलकर भिलाई इस्पात संयंत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बीएसपी परिसर में अवैध रूप से प्रवेश कर स्क्रैप कापर चोरी कर बाहर ले जाने की योजना बनाई थी, लेकिन सीआइएसएफ की तत्परता से उनका प्रयास विफल हो गया।
