Wednesday, July 29, 2026

पड़ोसी का विवाद छुड़ाने गए मजदूर पर आरोपी पिता पुत्र ने किया जानलेवा हमला

रॉड और चाकू से वार, दो आरोपियों पर मामला दर्ज

भिलाई : न्यूज़ 36 : पड़ोस में हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे एक मजदूर पर रॉड और चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।

वैशाली नगर पुलिस के अनुसार, आकाश मेश्राम (34 वर्ष) ने शिकायत में बताया कि 26 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे पड़ोसी निकिता सोनी और उसके पति किशोर सोनी के घर से झगड़े की आवाज सुनकर वह बीच-बचाव करने पहुंचा। वह दोनों को समझाने का प्रयास कर रहा था, तभी मोहल्ले का किशन निषाद वहां आया और गाली-गलौज करने लगा।

विरोध करने पर किशन निषाद ने जान से मारने की धमकी देते हुए आकाश का कॉलर पकड़ लिया और लोहे की रॉड से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा।

इसी दौरान किशन निषाद का बेटा अनुज निषाद उर्फ कालू भी मौके पर पहुंचा और चाकू निकालकर हत्या करने की धमकी देते हुए आकाश के पेट और बाईं कमर पर दो वार कर दिए। हमले में गंभीर रुप से घायल आकाश किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। पीड़ित का आरोप है कि यदि वह मौके से नहीं भागता तो उसकी हत्या कर दी जाती। घटना के दौरान निकिता सोनी और किशोर सोनी ने बीच-बचाव किया और पूरी घटना देखी।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 303/2026 दर्ज कर किशन निषाद एवं अनुज निषाद उर्फ कालू के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 296, 3(5) एवं 333 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरु कर दी है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news