Wednesday, July 29, 2026

खुर्सीपार में दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से ऑटो चालक ने छीनी सोने की चेन

पुलिस ने दर्ज किया मामला

भिलाई : न्यूज़ 36 : खुर्सीपार थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला से ऑटो चालक द्वारा सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

खुर्सीपार पुलिस के अनुसार, मछली मार्केट काली मंदिर रोड खुर्सीपार निवासी श्रीमती सरस्वती देवी गुप्ता (65 वर्ष) 27 जुलाई को दोपहर करीब 12:30 बजे सेक्टर-9 अस्पताल में खून की जांच कराने के बाद ऑटो से खुर्सीपार गेट पहुंचीं। वहां उतरने के बाद एक अन्य ऑटो चालक ने उन्हें अपने ऑटो में बैठने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया।

शिकायत के मुताबिक, कुछ कदम आगे बढ़ते ही ऑटो चालक ने जबरन उन्हें अपने ऑटो में बैठा लिया और बजरंग होटल से करीब 50 मीटर आगे केएलसी क्वार्टर क्षेत्र की सुनसान जगह पर ले गया। वहां ऑटो से उतारकर आरोपी ने महिला के गले में पहनी करीब एक तोला वजन की सोने की चेन, जिसमें छोटा लॉकेट लगा था और जिसकी अनुमानित कीमत ₹40 हजार बताई गई है, झपटकर खींच ली। इसके बाद आरोपी महिला को धक्का देकर ऑटो सहित मौके से फरार हो गया।

धक्का लगने से महिला के दाहिने घुटने में हल्की चोट भी आई। पीड़िता किसी तरह पैदल घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के सदस्यों के साथ खुर्सीपार थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

महिला ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी ऑटो चालक को नहीं पहचानती और न ही ऑटो का नंबर देख सकी। घटना के समय ऑटो में दो महिलाएं भी बैठी थीं।

शिकायत के आधार पर खुर्सीपार पुलिस ने अपराध क्रमांक 306/2026 दर्ज कर अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 304 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरु कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news