8.05 रु लाख का माल जब्त
भिलाई : न्यूज़ 36 : नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुम्हारी पुलिस और एसीसीयू टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1000 नग अल्प्राजोलम टैबलेट, ₹1 लाख नकद, स्विफ्ट डिजायर कार और मोबाइल फोन सहित कुल ₹8.05 लाख की सामग्री जब्त की गई है।
ग्राहक का इंतजार कर रहा था तस्कर
पुलिस को सूचना मिली थी कि रामपुर चौराहा चौक, अहिवारा रोड कुम्हारी के पास एक व्यक्ति स्विफ्ट डिजायर कार में नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को कार सहित पकड़ लिया।
1000 अल्प्राजोलम टैबलेट और 1 लाख नकद बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 20 पत्तों में कुल 1000 नग अल्प्राजोलम टैबलेट (कुल वजन 110 ग्राम), ₹1,00,000 नकद, मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG-25-0516 तथा एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 8,05,000 रु आंकी गई है।
व्यावसायिक मात्रा में कर रहा था तस्करी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अवैध रूप से व्यावसायिक मात्रा में अल्प्राजोलम टैबलेट अपने पास रखकर वाहन के माध्यम से ग्राहकों को बेचने की फिराक में था।
आरोपी हुआ गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. अनवर (43 वर्ष), निवासी केवल्य पार्क एलआईजी-31, ग्राम परसदा, थाना कुम्हारी, जिला दुर्ग (स्थायी पता- ग्राम पोड़ी, थाना बोडला, जिला कबीरधाम) के रूप में हुई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
कुम्हारी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा
दुर्ग पुलिस ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
