Monday, July 27, 2026

मंत्रालय में क्लर्क बताकर महिला से सरकारी नौकरी दिलाने का हवाला दे वसूले 1.50 लाख

सुपेला पुलिस ने दर्ज किया अपराध

भिलाई : न्यूज़ 36 : कृषि विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला से ₹1.50 लाख की ऑनलाइन ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को मंत्रालय में क्लर्क बताकर महिला से पैसे ऐंठ लिए और उसके मूल दस्तावेज भी अपने पास रख लिए। शिकायत की जांच के बाद सुपेला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।

फेसबुक से हुई पहचान, मंत्रालय में नौकरी दिलाने का दिया भरोसा

पुलिस के अनुसार कोहका, शिवाजी नगर निवासी श्रीमती नितिन गुप्ता (40 वर्ष) की फेसबुक के माध्यम से रायगढ़ निवासी अर्जुन कसेर से पहचान हुई। आरोपी ने स्वयं को रायपुर मंत्रालय के कृषि विभाग में क्लर्क बताते हुए अपने प्रभाव से सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।

गहने गिरवी रखकर दिए ₹1.50 लाख

आरोप है कि नौकरी लगाने के नाम पर अर्जुन कसेर ने महिला से ₹1,50,000 की मांग की। नौकरी मिलने की उम्मीद में महिला ने अपने सोने के गहने गिरवी रखकर राशि की व्यवस्था की और आरोपी के बताए यूपीआई आईडी पर अलग-अलग किस्तों में पैसे ट्रांसफर कर दिए।

मूल दस्तावेज भी ले लिए

आरोपी ने नौकरी की प्रक्रिया का हवाला देते हुए महिला से पासपोर्ट साइज फोटो, कोरे हस्ताक्षरयुक्त कागज, ग्रेजुएशन की मूल अंकसूची व अन्य मूल दस्तावेज भी मंगवा लिए। महिला का आरोप है कि पैसे लेने के बाद न तो नौकरी लगवाई गई और न ही रकम या दस्तावेज वापस किए गए। बाद में आरोपी ने मोबाइल फोन भी बंद कर दिया।

शिकायत जांच के बाद एफआईआर

महिला की शिकायत पर स्मृति नगर चौकी पुलिस ने जांच की। जांच में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी की पुष्टि होने पर सुपेला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 1059/2026 दर्ज करते हुए आरोपी अर्जुन कसेर (मोबाइल नंबर के धारक) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318 (4) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।

डिजिटल साक्ष्यों की होगी जांच

शिकायत में महिला ने आरोपी के मोबाइल नंबर, बैंक खातों, यूपीआई आईडी, कॉल डिटेल और व्हाट्सएप चैट की जांच कर ठगी की राशि वापस दिलाने तथा उसके मूल दस्तावेज बरामद कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news